Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा के सीएम सैनी ने कुरूक्षेत्र में रविदास मंदिर और धर्मशाला में अंबेडकर भवन का किया उद्घाटन, 21 लाख रुपये अनुदान की करी घोषणा

April 26, 2025

हरियाणा के सीएम सैनी ने कुरूक्षेत्र में रविदास मंदिर और धर्मशाला में अंबेडकर भवन का किया उद्घाटन, 21 लाख रुपये अनुदान की करी घोषणा

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर के मार्ग व आदर्शों को अपनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान कर रही है।

सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाने, सबसे पिछड़े लोगों को समृद्ध बनाने और हर नागरिक को न्याय दिलाने के लिए योजनाएं लागू की हैं। सरकार ने वर्ष 2025 को ‘संविधान गौरव’ वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है ताकि बाबा साहेब के आदर्शों और उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया जा सके।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में रविदास मंदिर एवं धर्मशाला द्वारा आयोजित डॉ. बीआर अंबेडकर सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी में बोल रहे थे। इससे पहले उन्होंने रविदास मंदिर एवं धर्मशाला में अंबेडकर भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संस्था को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन गरीबों और सबसे पिछड़े लोगों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। बाबा साहेब ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए जीवन भर संघर्ष किया, जातिवाद, छुआछूत और असमानता को दूर करने के साथ ही हर व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए काम किया। इतना ही नहीं, बाबा साहेब ने स्वतंत्रता आंदोलन में भी अपना योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और हर वर्ग को समृद्ध बनाने के लिए योजनाएं क्रियान्वित कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में राज्य सरकार ने आयुष्मान भारत और चिरायु योजना जैसी योजनाएं क्रियान्वित कर गरीबों को सम्मान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति को छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत हरियाणा में 36 हजार खातों में 151 करोड़ रुपये जमा करवाए गए हैं और साथ ही महिलाओं को सम्मान देने के लिए हर घर में शौचालय भी बनवाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होनहार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के एक लाख सरकारी नौकरियां दी गईं। हाल ही में 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पर प्रधानमंत्री ने यमुनानगर और हिसार पहुंचकर प्रदेश की जनता को हवाई अड्डे और 800 मेगावाट के थर्मल प्लांट की सौगात दी।

ये भी पढ़ें- रोहित शेट्टी की पोस्ट ने बढ़ाई हलचल, फायरिंग घटना के बाद जिंदगी को लेकर कह डाली ये बड़ी बात 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें