
हांसी: गेहूं खरीद सीजन अपने चरम पर है, लेकिन अनाज मंडी में लोडिंग व्यवस्था की बदहाली से आढ़तियों और मजदूरों का धैर्य जवाब दे गया। खराब प्रबंधन के विरोध में शुक्रवार को आढ़तियों और मंडी मजदूरों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर जोरदार धरना दिया। इस दौरान नाराज आढ़तियों ने मंडी के मुख्य द्वारों को भी बंद कर दिया, जिससे मंडी का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।
-मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेश खोथ
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजेश खोथ मौके पर पहुंचे और धरना दे रहे आढ़तियों से संवाद किया। बातचीत के बाद एसडीएम ने आश्वासन दिया कि आढ़तियों की सभी जायज मांगों को तुरंत प्रभाव से माना जाएगा और मंडी में मजदूरों की संख्या बढ़ाकर लोडिंग व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि हांसी की मंडी अपनी सुचारू व्यवस्था के लिए जानी जाती है और इसे बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मजदूरों और व्यापारियों को भविष्य में किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना शांतिपूर्वक समाप्त हो गया और मंडी में पुनः कार्य शुरू हुआ। आढ़तियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द लोडिंग व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे फिर से बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। फिलहाल प्रशासन की तत्परता से मंडी में स्थिति सामान्य होती दिख रही है।
ये भी पढ़ें: बॉर्डर इलाके की किराना दुकान में बन रहा था फर्जी Aadhaar, छापेमारी में 400 कार्ड बरामद
मेष: दिन शुभ रहेगा...