Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kolkata होटल हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू समेत CM ममता ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की… मुआवजे का किया ऐलान

April 30, 2025

Kolkata होटल हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू समेत CM ममता ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की… मुआवजे का किया ऐलान

नेशनल डेस्क : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के बड़ा बाजार स्थित एक होटल में आग के कारण हुई 14 लोगों की मौतों पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और साथ ही झुलसे या घायल हुए लोगों के जल्द ठीक होने की कामना की।

घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, ‘कोलकाता की एक इमारत में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु की दुखद खबर बहुत ही परेशान करने वाली और दर्दनाक है। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’

अग्निशमन सेवाओं को पहुंचने का निर्देश

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, ‘बड़ा बाजार इलाके में एक निजी होटल (ऋतुराज) में हुई आग की घटना के पीड़ितों के प्रति मेरी संवेदना है। मैंने पूरी रात बचाव और अग्निशमन कार्यों की निगरानी की और इलाके में अधिकतम अग्निशमन सेवाओं को पहुंचने का निर्देश दिया। होटल में ज्वलनशील सामग्री रखे होने के कारण कुल 14 लोगों की मृत्यु हुई है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और मैं सभी प्रभावित लोगों के साथ खड़ी हूं।’

2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि

उन्होने दूसरी बार एक्स पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान करते हुए लिखा कि, बुर्रा बाजार क्षेत्र में एक निजी होटल (ऋतुराज) में हुई दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना के परिणामों पर नज़र रखना जारी है और लगभग 99 लोगों को सबसे प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाने में अग्निशमन सेवाओं और पुलिस के प्रयासों की सराहना करता हूँ। साथ ही बचाव कार्यों में सहयोग और मदद के लिए स्थानीय लोगों का भी आभार। मुझे प्रारंभिक रूप से बताया गया है कि मरने वाले लोग दम घुटने/कूदने आदि के शिकार थे। आगे की जांच चल रही है। राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी, जबकि घायल व्यक्तियों को 50,000/- रुपये मिलेंगे।

प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर बताया, ‘कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।’ यह घटना मंगलवार देर रात की है। कोलकाता के बड़ा बाजार के मछुआ फल मंडी स्थित ऋतुराज होटल में अचानक आग लगी थी। यह आग इतनी भीषण थी कि इसने कुछ ही देर में पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल के अंदर धुआं भर गया। इस दौरान होटल में मौजूद कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, धुएं की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें