नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। यह मुठभेड़ मंगलवार को शोपियां जिले में हुई, जहां सेना ने लश्कर तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ करीब दो घंटे तक चली।
आतंकियों की छिपे होने का मिला था इनपुट
जानकारी के मुताबिक, सेना को पहले से इनपुट मिला था कि इलाके में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। जैसे ही सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेरा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मौके पर ही मार गिराया। बाकी दो आतंकियों को भी सर्च ऑपरेशन के दौरान मार दिया गया। इससे पहले सोमवार शाम को पहलगाम में पाकिस्तान के ड्रोन देखे गए थे, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। यह मुठभेड़ ऐसे समय पर हुई है जब केंद्र सरकार और सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत आतंकवाद के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया हुआ है।

क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम में हुए एक बड़े आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था। उस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी और 17 घायल हुए थे। इसके ठीक 15 दिन बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के 9 ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमला किया था। इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से ही जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन और मुठभेड़ का सिलसिला जारी है। सेना का मकसद है कि घाटी को आतंकवाद से पूरी तरह मुक्त किया जाए।

फिलहाल क्या स्थिति है?
शोपियां में मारे गए तीन आतंकियों की पहचान की जा रही है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां और कोई आतंकी छिपा न हो। सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट पर हैं और कई जगहों पर नाके और जांच अभियान चल रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि सुरक्षा बल जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सफाए के लिए पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...