
नई दिल्ली। ढलती उम्र कई समस्याओं को न्योता दे देती है। कमजोर हड्डियां, जोड़ों में दर्द, झड़ते बाल या शरीर में दर्द ये आम सी बातें हैं। धीरे-धीरे कमजोर होते शरीर के सामने छोटी सी समस्या भी पहाड़ बन जाती है। हालांकि, योग एक्सपर्ट बताते हैं कि इन समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। बढ़ती उम्र का सहारा लाठी नहीं, बल्कि योग बन जाए तो समस्याएं साथ छोड़कर भाग जाती हैं। बढ़ती उम्र के साथ हमारे जोड़ों की मोबिलिटी और फ्लेक्सिबिलिटी कम हो जाती है, जिससे जोड़ों में दर्द समेत अन्य समस्याएं आम बात बन जाती हैं। ऐसे में हमें ऐसे आसन करने चाहिए जो हमारे जोड़ों, एंकल जॉइंट्स और फ्लेक्सिबिलिटी पर काम करें।

बढ़ती उम्र में समस्याओं को दूर करने के लिए कौन-कौन से योग करने चाहिए, इसकी सलाह देती हैं योग फॉर लाइफ की ट्रेनर और को-फाउंडर कविता अरोड़ा। उन्होंने पांच ऐसे योगासनों के विषय में बताया, जो बुढ़ापे के लक्षण को कम करने के साथ ही संजीवनी की तरह हैं। उन्होंने बताया, ‘‘बुढ़ापे या बढ़ती उम्र के साथ हमारे प्राइमरी जॉइंट्स कमजोर होने लगते हैं। हड्डियों के साथ ही मांसपेशियां भी कमजोर होने लगती हैं। जोड़ों में लचीलापन भी कम हो जाता है, जिससे रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी मुश्किल भरे हो जाते हैं। यहां तक कि झुकना-उठना, हल्का वजन उठाना भी भारी काम लगता है।’’ उन्होंने आगे बताया, ‘‘शारीरिक मजबूती बनाए रखने के लिए हमें ऐसे आसन करने चाहिए जो हमारे जोड़, खासकर टखने और कूल्हे के जोड़ों की मोबिलिटी और कमर की फ्लेक्सिबिलिटी पर काम करें।’’
