Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रदूषण के बीच फेफड़ों का रखें ख्याल, रोजाना करें सिर्फ 10 मिनट प्राणायाम; जानें फायदे

October 31, 2026

प्रदूषण के बीच फेफड़ों का रखें ख्याल, रोजाना करें सिर्फ 10 मिनट प्राणायाम; जानें फायदे

लाइफस्टाइल डेस्क: आजकल बढ़ते प्रदूषण, धूम्रपान, तनाव और गलत लाइफस्टाइल का असर हमारी सेहत पर पड़ रहा है। इसका असर फेफड़ों पर भी देखने को मिलता है। ऐसे में रोजाना प्राणायाम करना सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक, हर दिन सिर्फ 10 मिनट प्राणायाम करने से सांस लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

डॉ. के अनुसार, प्राणायाम करते समय हमारा पूरा ध्यान सांस लेने और छोड़ने पर रहता है। इससे हम अपनी सांसों को बेहतर तरीके से कंट्रोल करना सीखते हैं। साथ ही सांस लेने में मदद करने वाली मांसपेशियां भी बेहतर तरीके से काम कर सकती हैं।

प्राणायाम करने से क्या फायदे मिलते हैं?

नियमित रूप से प्राणायाम करने से सांस लेने का तरीका बेहतर हो सकता है। इससे सांसों पर कंट्रोल बढ़ता है और सांस लेने में आसानी महसूस हो सकती है। कुछ रिसर्च में भी पाया गया है कि योग और सांस से जुड़े अभ्यास फेफड़ों की काम करने की क्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, इसका फायदा धीरे-धीरे मिलता है।

कौन से प्राणायाम करना फायदेमंद है?

रोजाना 10 मिनट निकालकर आप ये आसान अभ्यास कर सकते हैं।

1. अनुलोम-विलोम: इसमें एक नाक से सांस लेते हैं और दूसरी नाक से छोड़ते हैं। इससे सांसों को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।

2. डायफ्राम ब्रीदिंग: इसमें सांस लेते समय पेट को धीरे-धीरे बाहर की ओर आने देते हैं। इससे सांस लेने वाली मांसपेशियों का सही इस्तेमाल करने में मदद मिलती है।

3. भ्रामरी प्राणायाम: इसमें सांस छोड़ते समय भौंरे जैसी आवाज निकाली जाती है। इससे मन शांत रहता है और तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।

क्या रोजाना 10 मिनट प्राणायाम करना काफी है?

रोजाना 10 मिनट प्राणायाम करना एक अच्छी शुरुआत है। इससे धीरे-धीरे सांस लेने का तरीका बेहतर हो सकता है। लेकिन सिर्फ 10 मिनट प्राणायाम करने से फेफड़े तुरंत मजबूत नहीं हो जाते। इसके फायदे पाने के लिए रोजाना अभ्यास करना जरूरी है।

प्राणायाम करते समय इन बातों का रखें ध्यान

– शुरुआत धीरे-धीरे और आराम से करें।
– अपनी क्षमता के अनुसार ही प्राणायाम करें।
– बिना किसी विशेषज्ञ की सलाह के सांसों को ज्यादा देर तक न रोकें।
– बहुत तेजी से सांस लेने वाले अभ्यास खुद से न करें।
– अगर आपको अस्थमा या सांस से जुड़ी कोई बीमारी है, तो पहले डॉक्टर से सलाह लें।
– प्राणायाम करते समय चक्कर आए या सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत रुक जाएं।

फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ प्राणायाम करना काफी नहीं है। इसके साथ रोजाना टहलना, हल्की एक्सरसाइज करना, धूम्रपान से दूर रहना और प्रदूषण से बचना भी जरूरी है।

ध्यान रखें: प्राणायाम फेफड़ों को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है, लेकिन यह अस्थमा, सीओपीडी या फेफड़ों की दूसरी बीमारियों का इलाज नहीं है। इसलिए इसे अपनी रोजाना की अच्छी आदतों में शामिल करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें