Maharashtra News : तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटोरिक्शा को मारी टक्कर… रेलिंग तोड़कर नदी में गिरा, एक की मौत
May 20, 2025
Maharashtra News : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई, जबकि ट्रक के नदी में गिर जाने से दो लोगों के डूब जाने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटोरिक्शा को मारी टक्कर
हादसे की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह कल्याण शहर में हुई। कल्याण यातायात विभाग के उपनिरीक्षक बडगुजर ने बताया कि ट्रक ने पुल पर एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी और रेलिंग तोड़कर गांधारी नदी में गिर गया।
एक महिला की मौत
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में ऑटोरिक्शा सवार एक महिला की मौत हो गई। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि ऑटोरिक्शा या ट्रक में कितने लोग सवार थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नामदेव चौधरी ने बताया कि ट्रक पूरी तरह नदी में डूब गया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में दो लोग सवार थे और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुल की 10 फुट ऊंची रेलिंग टूट गई और ट्रक गांधारी नदी में जा गिरा। उस समय आस-पास कोई अन्य वाहन नहीं था।