Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान को FATF की निगरानी सूची में डालने के लिए पुख्ता सबूत पेश करेगा भारत

May 24, 2025

पाकिस्तान को FATF की निगरानी सूची में डालने के लिए पुख्ता सबूत पेश करेगा भारत

नई दिल्ली : भारत वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) की अगली बैठक में पाकिस्तान को दोबारा निगरानी सूची में रखे जाने के लिए ठोस सबूतों के साथ अपना पक्ष रखेगा। धनशोधन पर लगाम लगाने और आतंकवादियों का वित्तपोषण रोकने में पाकिस्तान की नाकामी को देखते हुए भारत यह कदम उठाने जा रहा है। सरकारी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एफएटीएफ की पूर्ण बैठक साल में 3 बार फरवरी, जून और अक्तूबर में होती है। पाकिस्तान को 2018 में एफएटीएफ की सूची में रखा गया था। हालांकि बाद में उसने धनशोधन और आतंकवादियों के वित्तपोषण पर लगाम लगाने के लिए एक कार्ययोजना पेश की थी। इसके बाद 2022 में उसे एफएटीएफ की इस सूची से हटा दिया गया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत, पाकिस्तान को दोबारा निगरानी सूची में डालने के लिए वित्तीय कार्रवाई कार्य बल के समक्ष मामला रखेगा, सूत्र ने कहा, हम इस मामले को एफएटीएफ के समक्ष मजबूती के साथ उठाएंगे। उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। सूत्र ने कहा, ‘इस बात के ठोस सबूत और आंकड़े हैं कि पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष और अन्य बहुपक्षीय संस्थानों से जो कर्ज मिलता है, उसका उपयोग हथियार खरीदने और आतंकवाद को बढ़ावा देने में किया जाता है। इसको ध्यान में रखते हुए एफएटीएफ की अगली बैठक में पाकिस्तान को एफएटीएफ की निगरानी सूची में रखने के लिए ठोस सबूत रखे जाएंगे।’

ये भी पढ़ें- PM मोदी का आज गुजरात दौरा, सम्राट संप्रति संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें