Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

बांग्लादेश: मोहम्मद यूनुस नहीं देंगे इस्तीफा, अंतरिम सरकार में बने रहेंगे

May 24, 2025

बांग्लादेश: मोहम्मद यूनुस नहीं देंगे इस्तीफा, अंतरिम सरकार में बने रहेंगे

इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे। यह जानकारी शनिवार को उनके कैबिनेट के एक वरिष्ठ सलाहकार वाहीदुद्दीन महमूद ने दी। उन्होंने कहा कि यूनुस अपने पद पर बने रहेंगे और सरकार के कामकाज को जारी रखेंगे।

हाल के दिनों में यह अटकलें तेज हो गई थीं कि मोहम्मद यूनुस इस्तीफा दे सकते हैं। इसका कारण सरकार, सेना और राजनीतिक दलों के बीच चल रहे मतभेद बताए जा रहे थे। दो दिन पहले यूनुस ने कहा था कि मौजूदा हालात में काम करना बहुत मुश्किल हो गया है, जिससे उनके इस्तीफे की अटकलों को और हवा मिली।

हम जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकते: सलाहकार वाहीदुद्दीन
अंतरिम सरकार के योजना सलाहकार वाहीदुद्दीन महमूद ने एक अचानक हुई कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि यूनुस ने इस्तीफा देने की बात नहीं की है। उन्होंने केवल यह कहा कि काम करने में कुछ मुश्किलें आ रही हैं, लेकिन इन बाधाओं को हम दूर कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि यूनुस अपने पद पर बने रहेंगे। वाहीदुद्दीन महमूद ने यह भी कहा कि कैबिनेट का कोई भी सदस्य इस्तीफा नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा, “हमें जो ज़िम्मेदारी सौंपी गई है, वह बहुत अहम है और हम इसे नहीं छोड़ सकते।”

इस्तीफे की चर्चा क्यों शुरू हुई?
यूनुस ने गुरुवार को छात्र नेताओं की पार्टी ‘नेशनल सिटीजन पार्टी’ (एनसीपी) से बातचीत में इशारों में कहा था कि वे इस्तीफा देने के बारे में सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में एकता की कमी की वजह से उन्हें काम करने में परेशानी हो रही है। उसी दिन हुई कैबिनेट मीटिंग में भी उन्होंने यह बात दोहराई थी, लेकिन उनके सलाहकारों ने उन्हें मनाया कि वे इस्तीफा न दें। अब यह साफ हो गया है कि मोहम्मद यूनुस अपने पद पर बने रहेंगे और अंतरिम सरकार का काम आगे बढ़ाते रहेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें