Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नगर पार्षद हत्याकांड मामले में चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

May 26, 2025

अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नगर पार्षद हत्याकांड मामले में चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

पंजाब डेस्क: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अहम ऑपरेशन को अंजाम देते हुए किशन गैंग से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया है। इस सफलता के साथ ही जंडियाला गुरु के नगर पार्षद हरजिंदर सिंह उर्फ ‘बहमन’ की हत्या की गुत्थी भी महज आठ घंटे के भीतर सुलझा ली गई है।

इस ऑपरेशन के तहत पुलिस ने गैंग से जुड़े चार गुर्गों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फतेहपुर के पास गोलियां चलाईं। आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए छेहरटा थाना प्रभारी ने फायरिंग का जवाब दिया, जिससे गोपी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत अमृतसर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक आरोपी का इलाज जारी है।

– एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल बरामद

पुलिस टीम ने आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की है। यह ऑपरेशन पंजाब में सक्रिय गैंगवार और विदेशी सरगनाओं द्वारा संचालित संगठित अपराध की जड़ों को उखाड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह सफलता पंजाब पुलिस की संगठित अपराध के खिलाफ चल रही निर्णायक मुहिम का हिस्सा है। हम प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

-जांच जारी, अन्य कड़ियां जोड़ी जा रही हैं

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनका नेटवर्क किन-किन राज्यों और विदेशी गिरोहों से जुड़ा हुआ है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि यह गैंग विदेश में बैठे मास्टरमाइंड्स के इशारे पर काम कर रहा था।

ये भी पढ़ें- भगवान महावीर के विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगेः PM मोदी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें