Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 62 आरोपी गिरफ्तार

October 10, 2026

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 62 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: पंजाब के मोगा जिले में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। 3 से 9 अक्टूबर 2026 के बीच पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े 46 मामले दर्ज कर 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान हेरोइन, अफीम, नशीली गोलियां, शराब और वाहन भी बरामद किए गए।

हेरोइन, अफीम और नशीली गोलियां बरामद

जिला पुलिस प्रमुख एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 44 मामले दर्ज किए गए और 59 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 896 ग्राम हेरोइन, 5 किलो अफीम, 1,425 नशीली गोलियां और दो वाहन बरामद किए।

ड्रग हॉटस्पॉट पर भी छापेमारी

पुलिस ने नशे के लिए संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलाते हुए पांच मामले दर्ज किए और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 195 ग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 350 नशीली गोलियां और एक वाहन बरामद किया गया। नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए सप्ताह के दौरान तीन विशेष CASO ऑपरेशन भी चलाए गए।

अवैध शराब बेचने वालों पर शिकंजा

पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ दो मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 495 लीटर शराब और दो कारें बरामद की गईं। इसके अलावा पांच भगोड़ों को भी पकड़ा गया। लूट और चोरी के मामलों में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई।

लोगों को नशे के खिलाफ किया जागरूक

एसएसपी के मुताबिक, पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता अभियान भी चला रही है। गांवों और शहरों में पंचायतों, खेल क्लबों तथा स्थानीय लोगों के साथ 39 बैठकें और सेमिनार आयोजित किए गए। इनमें युवाओं को नशे से दूर रहने और तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नशा तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में नशे और अपराध पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें