Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chennai Grand Masters 2025: खिलाड़ियों की संख्या में हुआ इजाफा, सबसे बड़ी पुरस्कार राशि की घोषणा

May 26, 2025

Chennai Grand Masters 2025: खिलाड़ियों की संख्या में हुआ इजाफा, सबसे बड़ी पुरस्कार राशि की घोषणा

चेन्नई: भारतीय शतरंज प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रतिष्ठित चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण में इस साल कई बड़े बदलावों की घोषणा की गई है। न सिर्फ खिलाड़ियों की संख्या में इज़ाफा किया गया है, बल्कि अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि एक करोड़ रुपये भी विजेताओं के लिए निर्धारित की गई है।

6 से 15 अगस्त तक चेन्नई में आयोजित होने वाले इस हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट में अब दो वर्गों मास्टर्स और चैलेंजर्स में 10-10 खिलाड़ी भाग लेंगे। जबकि पिछले सत्रों में यह संख्या आठ थी। इससे मुकाबले और अधिक रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने की संभावना है।

इस बार टूर्नामेंट को एक नया प्रायोजक भी मिला है। सिंगापुर आधारित फिनटेक कंपनी ‘क्वांटबॉक्स रिसर्च’ के साथ हुए साझेदारी के तहत अब यह आयोजन ‘क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स’ के नाम से जाना जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन MGD1 के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसे तमिलनाडु सरकार और तमिलनाडु खेल विकास प्राधिकरण का समर्थन प्राप्त है।

पिछले वर्ष के टूर्नामेंट में अरविंद चिदंबरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अजरुन एरिगैसी और विदित गुजराती जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़कर मास्टर्स वर्ग का खिताब अपने नाम किया था। वहीं प्रणव वी. ने चैलेंजर्स वर्ग में जीत हासिल कर इस साल के मास्टर्स वर्ग में अपनी जगह पक्की की है।

आयोजकों का कहना है कि इस बार की प्रतियोगिता न केवल अधिक प्रतिस्पर्धात्मक होगी, बल्कि उभरते हुए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्रैंडमास्टर्स के खिलाफ खेलने का बेहतरीन मंच भी प्रदान करेगी। तमिलनाडु में शतरंज का यह महाकुंभ, भारतीय शतरंज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में एक और मील का पत्थर साबित हो सकता है। देश-विदेश के शीर्ष खिलाड़ी जब चेन्नई में आमने-सामने होंगे, तो दर्शकों को भी रोमांच और रणनीति से भरपूर मुकाबले देखने को मिलेंगे।

ये भी पढ़ें- भगवान महावीर के विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगेः PM मोदी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें