Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

तरनतारन में दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गोलीबारी के बाद किया गिरफ्तार; पिस्तौल बरामद

May 26, 2025

तरनतारन में दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गोलीबारी के बाद किया गिरफ्तार; पिस्तौल बरामद

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत पंजाब को अपराध मुक्त राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने तरनतारन पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के दौरान जगदीप मोला की सनसनीखेज दिन-दिहाड़े हत्या में शामिल मुख्य आरोपी राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने सोमवार को यहां बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 कैलिबर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार जगदीप मोला की 5 मार्च 2025 को दोपहर करीब 2 बजे तरनतारन में दो बाइक सवार युवकों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपनी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल सिंह मुख्य शूटर है, जो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा था। उन्होंने बताया कि आरोपी राहुल सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में शामिल एक प्रमुख अपराधी है। डीजीपी ने कहा कि उसके सहयोगियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है, जो इस और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े हो सकते हैं।

ऑपरेशन विवरण साझा करते हुए, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एजीटीएफ प्रमोद बान ने कहा कि गिरफ्तारी एक संक्षिप्त गोलीबारी के बाद हुई, जब एआईजी एजीटीएफ संदीप गोयल की देखरेख में और प्रभारी एजीटीएफ एसआई चंद्र मोहन और एसएचओ सिटी तरनतारन रंजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तरनतारन के गांव बाठ में आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि राहुल सिंह ने भागने के प्रयास में पुलिस पार्टी पर गोलियां चलाईं, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और बाद में उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया।

एआईजी संदीप गोयल ने बताया कि पुलिस टीमों ने उसके कब्जे से एक .30 कैलिबर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तरनतारन अभिमन्यु राणा ने कहा कि इस हत्या और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े उसके साथियों को पकड़ने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपी कई मामलों में संलिप्त रहा है तथा आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की उम्मीद है। इस संबंध में एफआईआर नं. 48 दिनांक 05/03/2025 को पहले ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 और 11 और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (6) और 25 (7) के तहत पुलिस स्टेशन सिटी तरनतारन में पंजीकृत किया गया है।

ये भी पढ़ें : लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी शब्बीर अहमद लोन गिरफ्तार, हाफिज सईद से था सीधा संपर्क

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें