Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक दिन DC, SSP के साथ : मैरिट में रहे 9 विद्यार्थियों के सपनों को मिले पंख

May 28, 2025

एक दिन DC, SSP के साथ : मैरिट में रहे 9 विद्यार्थियों के सपनों को मिले पंख

रूपनगर: 10वीं व 12वीं के नतीजों में मैरिट पाने वाले सरकारी स्कूलों के 09 विद्यार्थियों के लिए आज का दिन यादगार रहा, जब डिप्टी कमिश्नर वरजीत सिंह वालिया व एसएसपी रूपनगर गुलनीत सिंह खुराना के सशक्त नेतृत्व ने उनके सपनों को पंख लगा दिए। पंजाब सरकार द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के लिए शुरू किए गए एक दिवसीय डीसी व एसएसपी संग कार्यक्रम के तहत जिले के 9 विद्यार्थियों ने पूरा दिन डिप्टी कमिश्नर व एसएसपी के साथ बिताया और दफ्तर के कामकाज को नजदीक से देखा।

यह सभी विद्यार्थी सरकारी स्कूलों से थे, जिनमें 12वीं कक्षा के छात्र शरमन यादव सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल कन्या रूपनगर ने 97.60 अंक, सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल धमाना के 10वीं कक्षा के छात्र जतिन कुमार ने 97.54 अंक, सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल कन्या नंगल की 10वीं कक्षा की छात्र नंदिनी ने 97.38 अंक, सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल पुरखाली की जनतवीर कौर ने 96.92 अंक, सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल घनौली के सूरज ने 97.60 अंक, सरकारी हाई स्कूल कालीतराना के 10वीं कक्षा के छात्र हिमाशु कुमार ने 97.54 अंक, सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल पुरखाली के 12वीं कक्षा के छात्र हर्ष गुप्ता ने 97.40 अंक, सरकारी आदर्श सीनियर सैकेंडरी स्कूल लोधीपुर के विवेक कुमार ने 97.20 अंक तथा सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल ढेर की छात्र दीक्षा ने 97.20 अंक प्राप्त किए। डीसी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग्य बच्चों को उनके सपने पूरे करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना है।

छात्रों ने डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी से मुलाकात की। एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने विद्यार्थियों में उत्साह भरा, उन्हें बड़े सपने देखने, उन्हें अटूट समर्पण के साथ पूरा करने तथा कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ असंभव चुनौतियों पर विजय पाने के लिए प्रेरित किया। डीसी और एसएसपी कार्यालयों में विद्यार्थियों ने पूरे दिन कार्यालय के कामकाज का बारीकी से अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने अतिरिक्त उपायुक्त (वि) आईएएस चंद्रज्योति सिंह एवं एसपी मुख्यालय आईपीएस अरविंद मीना के साथ दोपहर का भोजन किया, जिसके बाद विद्यार्थियों को आईआईटी का भ्रमण भी करवाया गया तथा उनसे दिनभर हुई गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। डीसी ने विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के इन जिलों में एवलांच का खतरा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें