
अमृतसर: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ (Tarun Chugh) ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला और पूछा कि क्या कांग्रेस भारत के साथ खड़ी है या पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित आतंकी नैटवर्क के साथ। चुघ ने कहा, ‘अब समय आ गया है कि कांग्रेस स्पष्ट करे कि वह भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का समर्थन कर रही है या पाकिस्तान की आईएसआई के प्रचार को दोहरा रही है।
कांग्रेस के अंदर एक प्रतिबद्ध लॉबी, विशेषकर गांधी परिवार के करीबी, बार-बार भारत के वैश्विक मंचों पर कूटनीतिक प्रयासों को कमजोर करने की कोशिश करते रहे हैं।’ उन्होंने पहलगाम नरसंहार के बाद मोदी सरकार की ‘साहसी और संतुलित’ प्रतिक्रिया को बदनाम करने की कांग्रेस नेताओं की कोशिश पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा, ‘जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऑल-पार्टी प्रतिनिधिमंडल दुनियाभर के देशों का दौरा कर पाकिस्तान की आतंकवाद में संलिप्तता को उजागर कर रहा है, तब कांग्रेस नेता इस नैरेटिव को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।’
चुघ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रीय संकट की घड़ी में भी कांग्रेस पार्टी छोटी राजनीति खेलती है। देश के साथ खड़े होने के बजाय विपक्ष की भूमिका में सीमाएं पार कर जाती है। ‘जब हमारे बहादुर सैनिकों ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को स्पष्ट और नियंत्रित संदेश दिया, तब कांग्रेस प्रवक्ता राजनीतिक अंक बटोरने में ज्यादा रुचि दिखा रहे थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...