बोगोटा: कोलंबिया ने पहलगाम हमले के जवाब में भारत के सैन्य हमलों के बाद हुए जान-माल के नुक्सान को लेकर पाकिस्तान के प्रति संवेदना व्यक्त करने वाला अपना बयान वापस ले लिया है। भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को लगातार समर्थन दिए जाने की बात कोलंबिया के सामने रखी जिसके बाद कोलंबिया ने पहले दिया गया अपना बयान वापस ले लिया। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता एवं सांसद शशि थरूर ने कोलंबिया की उप विदेश मंत्री रोजा योलांडा विलाविसेंशियो से मुलाकात के बाद बोगोटा द्वारा विवादास्पद बयान वापस लिए जाने की पुष्टि की। भारतीय सांसदों के 7 सर्वदलीय प्रतिनिधमंडल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के बाद आंतकवाद के खिलाफ लड़ाई के प्रति भारत के रुख से अवगत कराने के लिए विभिन्न देशों की यात्र कर रहे हैं। थरूर सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों को पाकिस्तान के समर्थन से और आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने के भारत के दृष्टिकोण से अवगत कराने के लिए कोलंबिया की यात्र पर गए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।