Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मऊ विधानसभा सीट पर भाजपा लहराएगी जीत का परचम : स्वतंत्र देव सिंह

June 1, 2025

मऊ विधानसभा सीट पर भाजपा लहराएगी जीत का परचम : स्वतंत्र देव सिंह

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर पहुंचे योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने एक मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग करने के लिए पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे। वहीं, उन्होंने लघु सिंचाई विभाग के दफ्तर में कार्यशाला का निरीक्षण किया और अधिकारियों से वार्ता की।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों से उनके अधिकारी का नाम पूछा। लेकिन, कर्मचारी अधिकारी का नाम नहीं बता पाए। वहीं, एक कर्मचारी ने हिम्मत दिखाते हुए ईएक्सएन की शिकायत मंत्री से कर दी कि जब भी वह ईएक्सएन से मिलने के लिए जाते हैं, तो बताया जाता है कि वह व्यस्त हैं। अब इस स्थिति में अधिकारी को कैसे पहचान सकते हैं।

जिस पर मंत्री ने ईएक्सएन को फटकार लगाते हुए कहा कि यहां नहीं रहना क्या और ईएक्सएन को हटाने का निर्देश दिया। वहीं, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मऊ विधानसभा सीट से विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता जाने पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो भी रिक्त सीट है, वहां पर भी हम जीत हासिल करेंगे। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार में विकास के तमाम काम हो रहे हैं। हम विकास और सुशासन के आधार पर जनता के बीच जाएंगे और बड़ी जीत हासिल करेंगे। पीएम मोदी और सीएम योगी की डबल इंजन की सरकार मिलकर गरीबों की सेवा कर रही है। गरीबों के लिए योजना बना रही है।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा का शासन आपने देखा है, मुजफ्फरनगर देखा है, दंगा-फसाद, गुंडागर्दी देखी है। लखनऊ से सरकार नहीं चलती थी। ये बेल्ट रामपुर से चलती थी। उन्हीं की यहां तूती बोलती थी। इस क्षेत्र में उन्हीं का शासन और उन्हीं का राज था।

बिजली रामपुर जिले में 24 घंटे आती थी। अन्य जिलों में नहीं आती थी। सपा सरकार का आतंक यह था कि पांच बजे के बाद बेटियां घर से नहीं निकल सकती थी। आज प्रदेश में कानून का राज कायम है। अब हमारी बहू-बेटियां रात 12 बजे मुजफ्फरनगर से अयोध्या जा सकती हैं। अभी जनता की सरकार है और जनता के दरवाजे पर हम सेवा करने आए हैं। सपा का इतिहास केवल और केवल जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति से प्रेरित है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें