
मुंबई: अहमदाबाद में हुई दुखद विमान दुर्घटना के मद्देनजर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग (ISRL) ने अपने आगामी इवेंट को स्थगित करने का फ़ैसला लिया है।
इवेंट को रद्द करने की घोषणा इंडियन सुपरक्रॉस लीग के फाउंडर ईशान लोखंडे ने की। उन्होंने एक भावनात्मक बयान में कहा, “आज जो दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ है, उसने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस कठिन घड़ी में हम सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं।”
सलमान ख़ान, जो कि सुपरक्रॉस लीग के साथ इस आयोजन से जुड़े हुए थे, ने भी संवेदना जताते हुए इवेंट को री-शेड्यूल करने पर सहमति जताई। आयोजकों ने बताया कि यह इवेंट अब किसी अन्य तारीख़ को आयोजित किया जाएगा, जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी। ईशान लोखंडे ने कहा, “हमारा यह फैसला केवल एक इवेंट को टालना नहीं, बल्कि पूरे देश के साथ एकजुटता दिखाने का प्रयास है। इस घड़ी में जश्न नहीं, संवेदनाएं ज़रूरी हैं।”
इवेंट के आयोजन को लेकर देशभर के रेसिंग और एंटरटेनमेंट प्रेमियों में उत्साह था, लेकिन इस निर्णय की व्यापक सराहना हो रही है। सोशल मीडिया पर भी प्रशंसक सलमान ख़ान और ISRL की इस मानवीय सोच के लिए उनकी सराहना कर रहे हैं। गौरतलब है कि अहमदाबाद में हुए इस विमान हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे देश में शोक की लहर है। इस संवेदनशील फैसले ने यह दर्शाया है कि मनोरंजन और खेल जगत भी राष्ट्रीय पीड़ा में सहभागी है और ज़िम्मेदारी निभाना जानता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...