Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में CP की बड़ी कार्रवाई, थाना-3 के SHO को किया लाइन हाजिर

June 16, 2025

जालंधर में CP की बड़ी कार्रवाई, थाना-3 के SHO को किया लाइन हाजिर

Jalandhar Thana-3 SHO Suspended: पंजाब डेस्क: जालंधर शहर के मिलाप चौक पर चांप की मशहूर दुकान “दुग्गल चांप” पर हुए हमले के मामले ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना-3 के एसएचओ अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह सब-इंस्पेक्टर राजिंदर सिंह को नए थाना प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया गया है।

-देर से रिस्पॉन्स और लापरवाही बनी बड़ी वजह

जानकारी के अनुसार, कुछ निहंग सिंह ग्राहकों के रूप में दुकान पर पहुंचे और ऑर्डर में देरी को लेकर पहले बहस की, फिर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दुकान मालिक मोहित और उनके बेटे को गंभीर चोटें आईं। हमले के वक्त पीड़ित परिवार ने तुरंत थाना-3 के एसएचओ अनिल कुमार को कॉल किया, लेकिन उन्होंने न तो कॉल रिसीव की और न ही बाद में जवाब दिया।

गौर करने वाली बात यह है कि घटना स्थल से थाना महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद पुलिस की प्रतिक्रिया में असामान्य देरी देखी गई। पीड़ित परिवार और अन्य दुकानदारों द्वारा कई बार संपर्क किए जाने के बावजूद कोई मदद नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा रोष फैल गया।

-दुकानदारों का फूटा गुस्सा

घटना के बाद अगली सुबह गुस्साए दुकानदारों ने थाना-3 का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी की लापरवाही के चलते स्थिति और बिगड़ गई, जिसे समय रहते रोका जा सकता था।

-पुलिस कमिश्नर ने दिखाई सख्ती

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए SHO अनिल कुमार को लाइन हाजिर कर दिया और विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि “कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें