Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई RAS भर्ती मुख्य परीक्षा

June 17, 2025

कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई RAS भर्ती मुख्य परीक्षा

RAS recruitment exam : राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य एवं अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा-2024 आज से शुरू हो गई है। यह दो दिवसीय परीक्षा 17 और 18 जून को अजमेर और जयपुर में कुल 77 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। अजमेर में 29 और जयपुर में 48 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक है।

इस परीक्षा में कुल 21,440 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। पहले 733 पदों के लिए भर्ती शुरू होनी थी, जिसे बढ़ाकर 1,096 कर दिया गया, जिसमें 428 राज्य सेवा और 668 अधीनस्थ सेवा के पद शामिल हैं। आरपीएससी ने 17 फरवरी को इसकी आधिकारिक घोषणा की थी। प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह परीक्षा एक महत्वपूर्ण अवसर है।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी को प्रवेश से पहले गहन तलाशी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगी। नकल व अनुचित साधनों के प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए आयोग ने विशेष निगरानी दल तैनात किए हैं। पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी से परीक्षा केंद्रों पर शांति व पारदर्शिता बनी रही।

आरपीएससी व राज्य सरकार ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। अभ्यर्थियों को समय पर केंद्रों पर पहुंचने व दिशा-निर्देशों की पालना करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके चलते सुबह सात बजे से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गईं। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने इस परीक्षा के लिए महीनों मेहनत की है और इसे अपने भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं।

आरपीएससी ने यह भी सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, सफाई व बैठने की व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं कीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें