Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

आज से शुरू हुआ नया WTC चक्र, बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा पहला मैच

June 17, 2025

आज से शुरू हुआ नया WTC चक्र, बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा पहला मैच

New WTC Cycle : बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच मंगलवार को टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का नया चक्र भी शुरू हो गया है। इस नए WTC चक्र का उद्घाटन मैच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में टॉस जीतकर बांग्लादेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो शुरुआती ओवरों में उनके लिए महंगा साबित हुआ।

बांग्लादेश ने अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज इनामुल हक के रूप में महज पांच रन पर गंवा दिया। इनामुल हक 10 गेंदों में अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद शादमान इस्लाम ने मोमिनुल हक के साथ मिलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह खुद रन जोड़ने के लिए संघर्ष करते नजर आए। शादमान इस्लाम ने 53 गेंदों का सामना किया, जिसमें वह महज 14 रन ही जोड़ सके। इस दौरान उनके बल्ले से महज एक चौका देखने को मिला।

बांग्लादेश को तीसरा झटका मोमिनुल हक के रूप में लगा, जिन्होंने 33 गेंदों पर 29 रनों की पारी खेली। हालात ऐसे थे कि बांग्लादेश ने 16.1 ओवर में 45 रन पर तीन विकेट खो दिए थे। लंच ब्रेक तक नजमुल हसन शांतो और मुशफिकुर रहीम ने चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़ लिए थे। शांतो 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं, जबकि मुशफिकुर रहीम 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मेहमान टीम ने 28 ओवर की समाप्ति पर 90 रन बना लिए हैं।

श्रीलंका के लिए अब तक थारिंडू रायके ने दो विकेट लिए हैं, जबकि असिथा फर्नांडो ने एक विकेट लिया है। इस नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र का दूसरा मैच 20 जून से इंग्लैंड और भारत के बीच खेला जाने वाला है। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है।

ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की टीमें भी 25 जून से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। ऑस्ट्रेलिया कुछ दिन पहले ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ WTC फाइनल हार गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें