Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोहित शर्मा की खराब लय ने चयन समिति के प्रमुख प्रज्ञान ओझा की मुश्किलें बढ़ाई

November 17, 2026

रोहित शर्मा की खराब लय ने चयन समिति के प्रमुख प्रज्ञान ओझा की मुश्किलें बढ़ाई

ऑकलैंड : जूनियर क्रिकेट के दिनों में पनपी दोस्ती इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और तत्कालीन राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रशिक्षण शिविरों के दौरान और गहरी हुई लेकिन आज रोहित शर्मा और प्रज्ञान ओझा एक ऐसी पेचीदा परिस्थिति में खड़े हैं, जिसका समाधान भारत को अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले तलाशना होगा। राष्ट्रीय चयन समिति के प्रमुख ओझा भारतीय टीम के अलावा आईपीएल में डैक्कन चार्जर्स और फिर मुंबई इंडियन्स के लिए रोहित साथ खेल चुके हैं।

ओझा के सामने यह मुश्किल स्थिति रोहित शर्मा का बल्ले से लगातार गिरता प्रदर्शन और इसके बावजूद खेलते रहने का उनका दृढ़ संकल्प है। ओझा के सामने अब यह कठिन सवाल है कि क्या केवल रोहित का खेलने का जज्बा ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन के लिए भारतीय टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होगा? न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 4 वन डे पारियों में महज 30 रन बना पाए।

इस साल की शुरुआत में इंगलैंड के खिलाफ वन डे सीरीज से पहले तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कहने पर रोहित से मुलाकात करने वाले ओझा ही थे। इस मुलाकात का मकसद यह जानना था कि क्या रोहित लॉर्ड्स में संन्यास लेने के प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार हैं। रोहित को हालांकि यह प्रस्ताव रास नहीं आया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों तक अपनी नाराजगी भी पहुंचा दी। इसका नतीजा अगरकर के साथ बेहद तल्ख विदाई के रूप में सामने आया।

अगरकर के जाने के बाद अब पूरी जिम्मेदारी ओझा के कंधों पर आ गई है। न्यूजीलैंड शृंखला के बाद अब ओझा को यह जानना जरूरी है कि रोहित अपने भविष्य को लेकर क्या सोच रहे हैं। दूसरी ओर रोहित के लिए भी यह स्पष्ट होना चाहिए कि विश्व कप को ध्यान में रखते हुए चयन समिति की आगे की योजना क्या है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें