Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Fastag: नितिन गडकरी ने फास्टैग के लिए 3000 रुपये का वार्षिक पास लॉन्च किया, 15 अगस्त से लागू होगा

June 18, 2025

Fastag: नितिन गडकरी ने फास्टैग के लिए 3000 रुपये का वार्षिक पास लॉन्च किया, 15 अगस्त से लागू होगा

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने फास्टैग को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है, जिसका खासतौर पर निजी वाहनों के मालिकों को फायदा होगा। उन्होंने बुधवार को 3000 रुपये के वार्षिक फास्टैग-आधारित पास का एलान किया। यह पास 15 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा। गडकरी ने कहा, “हम 3,000 रुपये की कीमत वाला वार्षिक फास्टैग पास पेश कर रहे हैं, जो एक साल या 200 यात्राओं तक वैध रहेगा, जो भी पहले हो। यह पास विशेष रूप से गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों जैसे कार, जीप और वैन के लिए डिज़ाइन किया गया है।”

कैसे काम करेगा यह पास
इस पास का उपयोग देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा के लिए किया जाएगा। यह न केवल टोल भुगतान को आसान बनाएगा, बल्कि यात्री वाहनों के मालिकों को सुविधाजनक और तेज़ यात्रा का अनुभव भी देगा। गडकरी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “15 अगस्त 2025 से ₹3,000 का फास्टैग-आधारित वार्षिक पास लॉन्च किया जाएगा, जो एक साल या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। यह पास विशेष रूप से गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों के लिए होगा।”

 

नए लिंक के माध्यम से होगा सक्रियण और नवीनीकरण
मंत्री ने यह भी बताया कि इस पास को सक्रिय करने और नवीनीकरण के लिए एक अलग लिंक तैयार किया जाएगा, जो जल्द ही राजमार्ग यात्रा एप और NHAI या MoRTH की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। इससे प्रक्रिया और भी सरल और सुगम हो जाएगी।

टोल भुगतान में आसानी
गडकरी ने कहा, “यह नई नीति टोल प्लाजा पर आने वाली समस्याओं को हल करेगी। इससे 60 किलोमीटर के दायरे में स्थित टोल प्लाजा पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को आसानी होगी, क्योंकि टोल भुगतान एक ही सुलभ लेनदेन प्रणाली से होगा।”

बेहतर यात्रा अनुभव के लिए प्रतिबद्ध
नितिन गडकरी ने यह भी कहा कि इस योजना से यात्रा का अनुभव बेहतर होगा। “इस नीति से टोल प्लाजाओं पर लगने वाली लंबी कतारों को कम किया जा सकेगा, और विवादों का समाधान होगा। इससे लाखों निजी वाहन चालकों को तेज़, सुगम और बेहतर यात्रा का अनुभव मिलेगा।” इस पहल का उद्देश्य न केवल टोल भुगतान को आसान बनाना है, बल्कि यात्रा को भी और अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें