Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

गाजियाबाद में थाने के बाहर गोली मारकर युवक की हत्या; वारदात के पीछे सामने आई ये वजह

June 19, 2025

गाजियाबाद में थाने के बाहर गोली मारकर युवक की हत्या; वारदात के पीछे सामने आई ये वजह

उत्तर प्रदेश डेस्क : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस स्टेशन के बाहर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात मुरादनगर इलाके की बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस शख्स का मर्डर किया गया है, वह झगड़े की रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए थाने आया था। मृतक की पहचान रवि कुमार उर्फ पिंटू के तौर पर हुई है, जो मिल्क रावली गांव का रहने वाला था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस आरोपियों को तलाश में जुटी है।

परिजनों ने युवक की हत्या के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूत्रों के मुताबिक परिजनों का कहना है कि वारदात के समय पुलिस मूकदर्शक बनकर खड़ी रही। हमलावर फायरिंग के बाद आराम से हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने उनको गिरफ्तार करने की कोशिश नहीं की। बताया जा रहा है कि रवि शर्मा, अजय और मोंटी के बीच बुधवार रात को कार पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। इसके चलते 22 वर्षीय रवि मुरादनगर थाने में एफआईआर दर्ज करवाने आया था।

वीडियो बनाती रही पुलिस

रवि थाने के बाद पहुंचा ही था कि बाइक पर सवार होकर मोंटी और उसके साथी वहां आ धमके। इसके बाद आरोपियों ने रवि के ऊपर 3-4 राउंड फायरिंग की। एक गोली रवि को लग गई और वह वहीं गिर गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने मुरादनगर थाने के मुख्य गेट पर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मी सिर्फ वीडियो बनाते रहे। न तो हमलावरों पर फायरिंग की और न ही उनको पकड़ने की कोशिश की गई।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

रवि के परिजनों के मुताबिक आरोपी उनको पहले भी धमकियां दे चुके हैं। मोंटी और अजय के खिलाफ रवि शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाने आया था। रवि के परिवार को आरोपियों से खतरा था और वह पुलिस से सुरक्षा दिए जाने की गुहार लगाने आया था। पुलिस को शिकायत देने से पहले ही आरोपियों ने उसका मर्डर कर दिया। झगड़े की शिकायत उन्होंने 112 पर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने उनको थाने आकर शिकायत दर्ज करने को कहा था। वारदात के बाद पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें