Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Airport Bomb Threat : बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल Airport को मिली बम की धमकी, मची अफरा-तफरी…

June 19, 2025

Airport Bomb Threat : बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल Airport को मिली बम की धमकी, मची अफरा-तफरी…

नेशनल डेस्क : देश में जैसे एयरलाइन्स और एयरपोर्ट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कभी विमान में तकनीकी खराबी, तो कभी बम की धमकी। इंडिगो, स्पाइसजेट और एयर इंडिया जैसे बड़े नामों के विमानों में आए दिन किसी न किसी गड़बड़ी की खबर सामने आ रही है। अब इसी कड़ी में बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक बार फिर बम की धमकी की खबर सामने आई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

एक हफ्ते में दूसरी बार मिली धमकी

आपको बता दें  कि पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी बार है, जब केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट को ईमेल के माध्यम से बम धमाके की धमकी दी गई। इससे पहले भी 13 जून को ऐसी ही एक फर्जी मेल भेजी गई थी। अब 16 जून को फिर से धमकी वाला मेल एयरपोर्ट सुरक्षा बल (CISF) को मिला, जिसमें कहा गया था कि एयरपोर्ट पर दो बम लगाए गए हैं।

मेल में था आतंक का बदला लेने का जिक्र

धमकी भरे ईमेल में एक आतंकी अजमल कसाब का नाम लेकर कहा गया कि, “अजमल कसाब को फांसी देना गलत था और अब उसका बदला लिया जाएगा।” इतना ही नहीं, मेल में ‘प्लान ए’ और ‘प्लान बी’ की बात भी कही गई अगर एक बम फेल होता है, तो दूसरा एक्टिवेट हो जाएगा। मेल में दावा किया गया कि शौचालय की पाइपलाइन में बम छिपाया गया है।

जांच में अफवाह साबित हुई, केस दर्ज

धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू कर दी, पूरे एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने एयरपोर्ट के हर कोने की तलाशी ली। लेकिन जांच के बाद यह बात साफ हो गई कि यह सिर्फ अफवाह थी। पुलिस ने फर्जी मेल भेजने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ईमेल आईडी की जांच शुरू कर दी गई है। बेंगलुरु एयरपोर्ट पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे असली मकसद क्या है। हालांकि जांच के बाद स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन इस धमकी की खबर से यात्रियों में घबराहट जरूर फैल गई। कुछ फ्लाइट्स पर असर पड़ा, लेकिन कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

फर्जी धमकियों से सतर्क हुई सुरक्षा एजेंसियां

ऐसी घटनाएं भले ही अफवाह साबित हो जाएं, लेकिन इनसे सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन अब और सतर्क हो गए हैं। बार-बार आने वाली ऐसी फर्जी धमकियां न सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाती हैं, बल्कि एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली को भी प्रभावित करती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें