Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत का PAK के खिलाफ बड़ा कदम, पाकिस्तानी Airlines के लिए 24 जुलाई तक बंद रहेगा भारत का हवाई क्षेत्र

June 24, 2025

भारत का PAK के खिलाफ बड़ा कदम, पाकिस्तानी Airlines के लिए 24 जुलाई तक बंद रहेगा भारत का हवाई क्षेत्र

नेशनल डेस्क : 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए थे। इस दौरान ही भारत ने पाकिस्तानी एयरलाइन कंपनियों और उनके ऑपरेट किए जाने वाले विमानों के लिए भारतीय एयरस्पेस में उड़ान भरने की पाबंदी लगा दी थी जिसकी आखिरी तारीख 24 जून थी। वहीं अब इस पाबंदी को 24 जुलाई 2025 तक बढ़ा दिया गया है। सोमवार को इस संबंध में एक नया एनओटीएएम (NOTAM – Notice to Airmen) जारी किया गया, जिसमें ये जानकारी दी गई। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

पहलगाम हमले के बाद लगा था बैन

आपको बता दें कि भारत ने यह प्रतिबंध 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक आतंकी हमले के बाद लगाया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। इस हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए, जिनमें एयरस्पेस बैन भी शामिल था।

किन विमानों पर लागू है यह पाबंदी ?

NOTAM के अनुसार, यह पाबंदी सिर्फ कमर्शियल फ्लाइट्स पर ही नहीं, बल्कि सभी प्रकार के विमानों पर लागू है… जैसे पाकिस्तान में रजिस्टर्ड कोई भी विमान हो। पाकिस्तानी एयरलाइन कंपनियों द्वारा ऑपरेट किए जा रहे विमान हो। पाकिस्तान की कंपनियों के स्वामित्व या पट्टे पर लिए गए विमान और पाकिस्तानी मिलिट्री एयरक्राफ्ट। इन सभी को भारतीय हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति नहीं है।

पहले भी बढ़ाई जा चुकी है रोक की अवधि

सबसे पहले भारत ने यह रोक 30 अप्रैल 2024 से लागू की थी। उसके बाद इसे 24 मई तक जारी रखा गया, फिर 24 जून तक बढ़ाया गया और अब इसे 24 जुलाई तक कर दिया गया है। यह लगातार तीसरी बार है जब भारत ने इस पाबंदी को बढ़ाया है।

भारत के फैसले पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया

भारत के इस फैसले के जवाब में पाकिस्तान ने भी भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस की बंदी को एक महीने बढ़ा दिया है। अब पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजरने वाले भारतीय विमान भी 24 जुलाई तक प्रतिबंधित रहेंगे। दोनों देशों के इस कदम से दोतरफा हवाई यात्राओं पर असर पड़ रहा है, खासकर उन फ्लाइट्स पर जो पाकिस्तान के ऊपर से होकर यूरोप, खाड़ी देशों या एशिया के अन्य हिस्सों में जाती थीं।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे-सीधे हवाई यातायात पर दिखाई दे रहा है। जब तक दोनों देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक संबंध सामान्य नहीं होते, तब तक यह प्रतिबंध आगे भी बढ़ता रह सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें