Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

वीकेंड में शिमला की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव, पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ा

June 25, 2025

वीकेंड में शिमला की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव, पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ा

शिमला : राजधानी में बीते तीन दिनों के दौरान पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ा है। जिला पुलिस के अनुसार 20 जून से अब तक करीब 60 हजार पर्यटक वाहनों ने शहर का रुख किया जिससे सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव बना रहा। इसके बावजूद शिमला पुलिस की मजबूत रणनीति, निरंतर निगरानी और सजग तैनाती ने शहर में यातायात व्यवस्था को बड़ी हद तक सामान्य बनाए रखा। शिमला पुलिस ने संभावित भीड़ को देखते हुए पहले से ही व्यापक इंतजाम कर लिए थे। मुख्य मार्गों, भीड़भाड़ वाले चौराहों और प्रमुख पर्यटक स्थलों पर 189 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इनके अलावा 85 अतिरिक्त जवानों ने भी चौबीसों घंटे ड्यूटी देकर ट्रैफिक को नियंत्रित रखा।

वहीं 25 ट्रैफिक मोटरसाइकिल राइडर शहरभर में गश्त करते रहे, जो जाम की स्थिति बनने पर तत्काल पहुंचकर यातायात सुचारू करने में जुटे रहे। शहर में दुर्घटना या वाहन खराबी जैसी घटनाओं के लिए टो क्रेन की टीमें भी मुस्तैद रहीं। कुल 11 ऐसे मामलों में क्रेन की मदद से तत्काल रास्ता साफ किया गया जिससे ट्रैफिक रुकने न पाए। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि भीड़ के बावजूद पूरे शहर में किसी बड़े जाम की सूचना नहीं आई और व्यवस्था सामान्य रही। इसी दौरान 22 जून को आयोजित जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) भर्ती परीक्षा भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाई गई। परीक्षा के लिए बनाए गए 13 केंद्रों पर कुल 4305 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 140 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की थी। पुलिस की मदद से अधिकांश परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सफल रहे।

ये भी पढ़ें- नवरात्रि पर 200 साल पुराने कालीबाड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालु की लंबी कतारें

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें