नेशनल डेस्क : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 39 साल की एक महिला को 16 साल की बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। प्रेम प्रसंग में हुई यह वारदात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला सिंगल मदर थी, जो किसी संस्था में हस्तशिल्प का काम करती थी।
इसके अलावा महिला एससी/एसटी सेल में भी सक्रिय थी। महिला की दो बेटियां थीं, जिनकी परवरिश का जिम्मा वह खुद उठा रही थी। वारदात हैदराबाद के जीडी मेटला इलाके की बताई जा रही है। महिला की पहचान अंजली के तौर पर हुई है, जो शापुर नगर इलाके में एक किराए के मकान में रह रही थी। उसकी बड़ी बेटी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया, जो 10वीं क्लास की छात्रा है।
पिछले साल बेटी का संपर्क इंस्टाग्राम के जरिए 19 साल के पी शिवा से हुआ था। शिवा नालगोंडा जिले का रहने वाला है और डीजे का काम करता है। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंधों में तब्दील हो गई। बताया जा रहा है कि 19 जून को किशोरी अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी।
किशोरी की मां ने पुलिस के पास अपहरण का केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने लड़की को सूर्यापेट इलाके से शिवा के दादा के घर से बरामद कर लिया था। इसके बाद किशोरी को उसकी मां को सौंप दिया गया था। मां-बेटी के बीच इसी बात को लेकर लगातार विवाद हो रहा था।
23 जून की शाम को बेटी ने शिवा को फोन कर अपने घर बुलाया। शिवा अपने भाई यशवंत के साथ मौके पर पहुंचा और तीनों ने मिलकर महिला को चुनरी से गला घोंटकर मारने की कोशिश की। इसके बाद दोनों शख्स महिला को मरा समझकर मौके से फरार हो गए। बेटी ने बाद में देखा कि मां की सांसें चल रही हैं। इसके बाद उसने दोबारा शिवा को कॉल की, जो अपने भाई के साथ लौटा।
दोनों ने महिला के ऊपर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार करके मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद बेटी ने अपनी मौसी को फोन करके मां के कुर्सी से गिरने की जानकारी दी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शक के आधार पर तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...