Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

माता वैष्णो देवी जा रहे यात्रियों के लिए बड़ी खबर… लगातार बारिश और Landslide के चलते रास्ता हुआ बंद

June 26, 2025

माता वैष्णो देवी जा रहे यात्रियों के लिए बड़ी खबर… लगातार बारिश और Landslide के चलते रास्ता हुआ बंद

Vaishno Devi Landslide (जम्मू-कश्मीर): जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक बार फिर माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। बुधवार को हिमकोटी ट्रैक पर भूस्खलन की बड़ी घटना सामने आई, जिसके कारण यात्रा का नया मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। यह इस वर्ष तीसरी बार है जब खराब मौसम के चलते नया मार्ग बंद किया गया है।

भारी बारिश से रास्ता मलबे से भरा

भूस्खलन के कारण हिमकोटी मार्ग पर लगभग 30 फीट तक मलबा जमा हो गया है और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। इसके चलते बैटरी कार, केबल कार और हेलीकॉप्टर सेवाएं भी अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं।

पुराने मार्ग से जारी है यात्रा

हालांकि माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और जिला प्रशासन ने त्वरित राहत कार्य शुरू कर दिया है और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को पारंपरिक पुराने मार्ग से सुचारू रूप से जारी रखा गया है।

प्रशासन ने की यात्रियों से अपील

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतें और केवल अधिकारिक मार्गों और दिशानिर्देशों का पालन करें। मौके पर श्राइन बोर्ड की टीमें और आपदा प्रबंधन बल तैनात हैं जो मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर कर रहे हैं।

जून में तीसरी बार रोकी गई यात्रा

गौरतलब है कि इससे पहले भी जून महीने में दो बार भारी बारिश के कारण यही मार्ग बंद किया गया था। बार-बार रुकावटों के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी हालात पर करीबी निगरानी बनाए हुए हैं और मौसम सामान्य होते ही सभी सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी।

मंगलवार को भी हुआ था भूस्खलन

इससे पहले मंगलवार को भी हिमकोटी मार्ग पर सत्या व्यू पॉइंट के पास भूस्खलन हुआ था, जिससे बैटरी कार सेवा रोकनी पड़ी थी। हालांकि उस समय कोई यात्री रास्ते में नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की खबर नहीं है। कुछ ही समय बाद मलबा हटाकर मार्ग को फिर से खोल दिया गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें