Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर हुआ गुंडागर्दी का खुला तांडव, छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस पैंटरी कार और भोजनालय के वैंडरों के बीच जमकर हुई मारपीट

June 27, 2025

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर हुआ गुंडागर्दी का खुला तांडव, छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस पैंटरी कार और भोजनालय के वैंडरों के बीच जमकर हुई मारपीट

अमृतसर Amritsar railway station: वीरवार का दिन अमृतसर रेलवे स्टेशन के लिए काला दिन ही होगा, जब उसके इतिहास में पहली बार प्लेटफार्म नंबर 3 पर गुंडागर्दी का नंगा नाच हुआ, वह भी यात्रियों के सामने। आलम यह रहा कि प्लेटफार्म नंबर 3 पर खड़ी छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस के यात्रियों में दहशत फैल गई और उनको अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ ट्रेन के डिब्बों में दुबकने को मजबूर होना पड़ा।

कैसे हुई यह पूरी घटना
जानकारी के अनुसार दोपहर बाद 4.10 बजे बिलासपुर को जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस प्लेटफार्म नंबर 3 पर खड़ी थी। अभी उसके चलने में समय था। इसी बीच प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित भोजनालय के वैंडर सारे नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहुंचकर छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस के डिब्बों (कोचों) में जाकर खाने-पीने का सामान बेचने लगे। इसे देख छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस की कैटरिंग देखने वाले यार्ड मैनेजर दीपू तोमर ने उसका कड़ा विरोध करते हुए उनको रोका।

इसी को लेकर भोजनालय तथा छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस के कैटरिंग स्टाफ में बहस शुरु हो गई, जो बाद में खुलकर मारपीट में बदल गई। भोजनालय के स्टाफ ने इसकी सूचना अपने मैनेजर दलीप राय को दी। उसके बाद वह भी अपने साथियों के साथ प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहुंच गया।

बस फिर क्या था, दोनों ओर से जमकर एक-दूसरे की कुटाई की गई। यहां तक कि लोहे की रॉड का भी प्रयोग करने से गुरेज नहीं किया गया। इससे दीपू तोमर के काफी चोटे आई वहीं भोजनालय के मिथलेस कुमार को भी चोटे लगी। प्लेटफार्म पर खुलकर हुई गुंडागर्दी से दहशत फैल गई और वहां मौजूद यात्री इधर-उधर भागते हुए अपनी जान बचाने को मजबूर हुए। यह सारी घटना प्लेटफार्म नंबर 3 पर लगे सीससीटीवी में कैद हो गई।

घायल को सिविल अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी के एसएचओ बलबीर सिंह घुम्मन अपनी फोर्स के साथ खुद मौके पर पहुंचे। जी.आर.पी. ने दीपू तोमर की शिकायत पर भोजनालय के दलीप राय के साथ-साथ मिथलेश, कमलजीत, विनोद, मंदीप को हिरासत में ले लिया, वहीं जी.आर.पी ने घायल दीपू तोमर उसको मैडीकल करवाने सिविल अस्पताल भेज दिया।

पांचों वैंडरों के खिलाफ केस दर्ज
देर शाम दीपू तोमर की मैडीकल रिपोर्ट के आधार पर जीआरपी ने आरोपी भोजनालय के पांचों वैंडरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया, जबकि उनको मौके पर ही जमानत पर छोड़ भी दिया गया। दूसरी ओर दलीप राय ने कहा कि दीपू तोमर पहले से ही उनके साथियों से रंजिश रखता था। उसने उनको काफी मारा है। उनके एक साथी को भी काफी गहरी चोटें लगी है, इसलिए वह भी उसका मैडीकल करवाएंगे, वहीं छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस के कैटरिंग स्टाफ का कहना है कि ट्रेन के चलने से पहले भोजनालय के वैंडर्स ही कोचों में जाकर सामान बेचेंगे तो ट्रेन चलने के बाद उनका सामान कौन यात्री खरीदेगा। मामले की जांच कर रहे एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल पांचों आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया है। दोनों पक्षों को शुक्रवार सुबह 10 बजे फिर से जी.आर.पी. थाना बुलाया गया है।

जी.आर.पी. के अधिकारी व यात्री हुए हैरान
लगभग पहली बार किसी ट्रेन व भोजनालय के वैंडरों के बीच सरेआम प्लेटफार्म पर हुई मारपीट व उसमें लोहे की रॉडों के प्रयोग से खुद जी.आर.पी. के अधिकारी हैरान है, वहीं गुंडागर्दी को लाइव देख यात्रियों की भी आंखें फटी की फटी रह गई। अधिकारियों की माने तो ऐसा कभी नहीं हुआ। आज की घटना देख ऐसा महससू हुआ कि वैडरों ने अमृतसर को बिहार बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। अगर समय रहते कार्रवाई न होती तो और भी बड़ी घटना को अंजाम देने में देर नही लगती।

परमिशन एक नंबर की तो तीन नंबर प्लेटफार्म पर कैसे पहुंच गए भोजनालय के वैंडर!
रेल प्रशासन ने प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित भोजनालय को चलाने का जिम्मा आगरा के आर.के. फूड्स प्रोडक्टस को दिया है। आर.के. फूड्स प्रोडक्टस ने अमृतसर में भोजनालय चलाने की ड्यूटी दलीप राय को दे रखी है। 13 दिसंबर 2024 को हुए एग्रीमैंट के अनुसार भोजनालय स्टाफ को किसी भी ट्रेन के कोच के अंदर जाकर सामान बेचने की परमीशन नहीं है। इसके साथ ही भोजनालय का स्टाफ उसी प्लेटफार्म पर ही अपना सामान बेच सकेगा, जहां पर उसका भोजनालय है। यानी प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित भोजनालय के कर्मी सिर्फ प्लेटफार्म नंबर एक पर ही सामान बेच सकते हैं, जबकि वीरवार को भोजनालय के वैंडर्स बिना किसी खौफ के प्लेटफार्म नंबर 3 पर खड़ी छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस के कोचों में सामान बेच रहे थे। आखिर किन रेल अधिकारियों की शह पर रेलवे स्टेशन पर ऐसा खेल चल रहा है, यह तो उच्च स्तरीय जांच से ही सामने आएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें