Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायल का गाजा पर बड़ा हमला, 74 लोगों की मौत; खाना और दवा मांग रहे लोगों पर गिरीं मिसाइलें… जानें अपडेट्स

July 1, 2025

इजरायल का गाजा पर बड़ा हमला, 74 लोगों की मौत; खाना और दवा मांग रहे लोगों पर गिरीं मिसाइलें… जानें अपडेट्स

इंटरनेशनल डेस्क : इजरायल ने गाजा के ऊपर बड़ा हमला किया है। बताया जा रहा है कि बिना किसी चेतावनी की गई एयर स्ट्राइक में सोमवार को 74 लोग मारे गए हैं। एक कैफे में मौजूद 30 लोगों के मारे जाने की बात भी सामने आई है। सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें जमीन पर खून से लथपथ और क्षत-विक्षत शव नजर आ रहे हैं। वहीं, घायलों को लोग कंबलों में लपेटकर ले जाते दिख रहे हैं।

एक रिपोर्ट के अनुसार इस कैफे में लोग खाना लेने आते थे। इसके अलावा कैफे में मोबाइल चार्जिंग और इंटरनेट की सुविधा भी थी। बताया जा रहा है कि इजरायल ने शहर के दूसरे इलाकों में भी हमला किया। दो अन्य हमलों में कम से कम 15 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। वहीं, जावेदा शहर के पास भी 1 बिल्डिंग में 6 लोगों के मारे जाने की बात सामने आई है।

कई इलाकों में जोरदार हमले

रिपोर्ट्स के अनुसार गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दक्षिणी इलाकों में 11 लोगों के मारे जाने का ब्योरा दिया है। दक्षिणी इलाकों में कई शव बरामद किए गए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने भी ताजा हमलों को लेकर चिंता जाहिर की है। यूएन के अनुसार गाजा में मानवीय संकट गहरा रहा है। इजरायली हमलों से आम जनजीवन पर गहरा असर पड़ रहा है।

15 दिन में 1000 मौतें

संयुक्त राष्ट्र में जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि मध्य जून से इजरायल ने अपने हमलों में तेजी की है। अब तक कई फिलिस्तीनी सहायता मांगते समय मारे गए हैं। लगभग 1000 लोगों को हमलों की वजह से अपनी जान देनी पड़ी है। 7 अक्टूबर 2023 से अब तक गाजा में 56500 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। गाजा में बेकसूर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

हमास की कैद में 50 बंधक

बता दें कि इजरायल के ऊपर हमास ने क्रूर हमला कर लगभग 1200 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। महिलाओं समेत 250 लोगों को बंधक बनाया गया था। अभी तक 1 महिला समेत लगभग 50 बंधक हमास की कैद में हैं। सूत्रों के मुताबिक बंधकों के साथ क्रूर व्यवहार किया जा रहा है। वहीं, गाजा में 23 लाख लोग भोजन के संकट से जूझ रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें