Australia tourist visa: ऑस्ट्रेलिया में शनिवार से टूरिस्ट समेत कई प्रमुख विजिटर वीजा कैटेगरी पर ‘नो फर्दर स्टे’ की शर्त लागू कर दी जाएगी। इसके बाद वीजा अवधि खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया में ही रहकर वीजा बढ़वाना या नया वीजा लेना संभव नहीं होगा।
इस नियम के तहत पर्यटक ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद देश के भीतर रहकर किसी दूसरे वीजा के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। इस बदलाव का असर वहां घूमने, परिवार से मिलने और कारोबारी उद्देश्य से जाने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है।
‘नो फर्दर स्टे’ रूल
ऑस्ट्रेलिया के नए नियम शनिवार (28 नवंबर 2026) से जमा किए जाने वाले वीजा आवेदनों पर लागू होंगे। इनमें विजिटर वीजा (सबक्लास 600), इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल अथॉरिटी यानी ईटीए (सबक्लास 601) और ई-विजिटर वीजा (सबक्लास 651) शामिल हैं। अब इन सभी श्रेणियों में वीजा की शर्त 8503 अनिवार्य होगी। इसे ‘नो फर्दर स्टे’ कहा जाता है।
इसका सीधा मतलब है कि पर्यटक वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचे शख्स को आमतौर पर देश के भीतर रहते हुए किसी दूसरे वीजा पर जाने या अपने प्रवास को आगे बढ़ाने के लिए नया वीजा हासिल करने की इजाजत नहीं होगी। अगर कोई ऑस्ट्रेलिया में अधिक समय तक रहना चाहता है या अपनी वीजा श्रेणी बदलने की इच्छा रखता है, तो उसे सामान्यतः देश से बाहर जाकर संबंधित वीजा के लिए आवेदन करना होगा।
नई अर्जियों पर पड़ेगा असर
नए नियमों का असर उन अर्जियों पर पड़ेगा जो 28 नवंबर या उसके बाद जमा की जाएंगी। इससे पहले के आवेदनकर्ताओं पर यह बदलाव पूर्वव्यापी रूप से लागू नहीं होगा। जिन लोगों के पास पहले से ऑस्ट्रेलियाई विजिटर वीजा है, उन्हें अपने वीजा ग्रांट लेटर में दर्ज शर्तों की जांच करनी होगी।
हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में इस प्रतिबंध से छूट मांगी जा सकती है। ऑस्ट्रेलिया का गृह विभाग गंभीर बीमारी, परिवार में आपात स्थिति, प्राकृतिक आपदा या ऐसी परिस्थितियों में वीजा शर्त हटाने पर विचार कर सकता है, जो आवेदक के नियंत्रण से बाहर हों। लेकिन केवल छूट के लिए आवेदन करने से देश में रुकने की अवधि अपने आप नहीं बढ़ जाती।
अधिकृत प्रवास अवधि में नहीं होगा बदलाव
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने स्पष्ट किया कि इस बदलाव से विजिटर वीजा की वैधता या उस पर मिलने वाली अधिकृत प्रवास अवधि में बदलाव नहीं होगा। ईटीए और ई-विजिटर वीजा धारक अपनी पात्रता के अनुसार 12 महीने की अवधि में कई बार ऑस्ट्रेलिया आ-जा सकेंगे और सामान्यतः प्रत्येक यात्रा में तीन महीने तक रुक सकेंगे।
वीजा हॉपिंग’ पर लगेगा अंकुश
सरकार का कहना है कि नए नियमों का उद्देश्य वीजा व्यवस्था के दुरुपयोग को रोकना और ‘वीजा हॉपिंग’ पर अंकुश लगाना है। इस प्रक्रिया में कुछ लोग एक अस्थायी वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले दूसरे वीजा के लिए आवेदन करके लगातार देश में रहने की कोशिश करते हैं। सरकार चाहती है कि पर्यटक वीजा का इस्तेमाल केवल वास्तविक और अस्थायी यात्राओं के लिए हो।