Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

52 वर्ष के हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, CM योगी समेत कई नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई

July 1, 2025

52 वर्ष के हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, CM योगी समेत कई नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई

Akhilesh Yadav Birthday : समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव मंगलवार को 52 साल के हो गए। उनके 52वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। अखिलेश यादव ने इसके लिए उनका आभार भी जताया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई!’ मुख्यमंत्री योगी के पोस्ट के बाद अखिलेश यादव ने उनका आभार जताया। सपा प्रमुख ने एक्स पर अपने जवाब में लिखा, ‘आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।’

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी लंबी उम्र की कामना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। उनके सुखद और दीर्घायु जीवन की ढेरों शुभकामनाएं।’

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अखिलेश को बधाई दी और कहा, ‘सपा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भगवान श्री राम, भगवान कृष्ण और देवों के देव महादेव के आशीर्वाद से आपको अच्छा स्वास्थ्य और लंबी आयु मिले।

विरासत में मिली राजनीति-
1 जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई गांव में जन्मे अखिलेश यादव वर्तमान में लोकसभा में कन्नौज का प्रतिनिधित्व करते हैं। अखिलेश यादव को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री थे। अखिलेश का परिवार भी देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में गिना जाता है।

सबसे युवा मुख्यमंत्री-
अखिलेश उत्तर प्रदेश के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले वे लगातार तीन बार लोकसभा सदस्य रहे। 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का नेतृत्व किया और पार्टी को स्पष्ट बहुमत दिलाया। इसके बाद 15 मार्च 2012 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें