
इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला व स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक एलन मस्क के बीच एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई है। ट्रंप ने मस्क को खुली धमकी देते हुए कहा है कि अगर उन्हें सरकारी सब्सिडी (सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद) नहीं मिलेगी, तो उन्हें अमेरिका छोड़कर वापस साउथ अफ्रीका जाना पड़ेगा।
डोनाल्ड ट्रंप का बयान?
ट्रंप ने कहा कि मस्क को ये अच्छी तरह पता है कि वह (ट्रंप) इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने वाली सरकारी नीतियों के खिलाफ हैं। उनका मानना है कि लोगों को जबरदस्ती इलेक्ट्रिक कारें खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि एलन मस्क को अब तक शायद किसी भी इंसान से ज़्यादा सरकारी मदद मिली है। अगर यह सब्सिडी बंद हो गई, तो न तो टेस्ला की कारें बनेंगी, न रॉकेट और न ही सैटेलाइट। ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा कि इससे अमेरिका का काफी पैसा भी बचेगा।
एलन मस्क ने क्या कहा था?
एलन मस्क ने हाल ही में ट्रंप की एक पॉलिसी का विरोध किया था जिसे उन्होंने “One Big, Beautiful Bill” कहा है। मस्क ने कहा कि अगर यह बिल पास हो गया तो वह एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने की सोच सकते हैं।
मस्क कौन हैं और कहां से हैं?
एलन मस्क का जन्म साउथ अफ्रीका में हुआ था। 17 साल की उम्र में वो कनाडा चले गए और फिर अमेरिका आकर वहां पर बड़ी-बड़ी कंपनियां बनाई। आज वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक हैं।
पहले दोस्ती, अब दुश्मनी
एक समय था जब एलन मस्क, डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक थे। ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद मस्क को सरकारी खर्चों की जांच करने वाली एक कमेटी (DOGE) में जगह भी दी थी। लेकिन कुछ समय बाद मस्क और ट्रंप के रिश्ते बिगड़ गए। मस्क ने यहां तक कह दिया था कि अगर उन्होंने ट्रंप की मदद न की होती, तो ट्रंप चुनाव हार जाते। हालांकि बाद में मस्क ने अपने इस बयान पर खेद जताया था। लेकिन तब तक दोनों के बीच की दरार गहरी हो चुकी थी।