Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bobby Deol का खूंखार अवतार, ‘Hari Hara Veera Mallu’ में औरंगजेब बनकर मचाएंगे कोहराम

July 1, 2025

Bobby Deol का खूंखार अवतार, ‘Hari Hara Veera Mallu’ में औरंगजेब बनकर मचाएंगे कोहराम

‘Hari Hara Veera Mallu’ Movie: एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड के ‘साइलेंट स्टॉर्म’ बन चुके बॉबी देओल अब एक नई ऐतिहासिक भूमिका में इस बार सीधे मुगल सम्राट औरंगजेब के रूप में नज़र आने वाले हैं। निर्देशक ज्योति कृष्णा की बहुप्रतीक्षित फिल्म हरि हरा वीरा मल्लू में बॉबी का ये किरदार सिर्फ एक ऐतिहासिक चरित्र नहीं, बल्कि एक इमोशनल और विजुअल विस्फोट है।

पावरस्टार पवन कल्याण की मुख्य भूमिका से सजी यह भव्य पीरियड एक्शन फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, और बॉबी देओल के इस उग्र, मौन लेकिन भयावह रूप ने पहले ही चर्चा बटोर ली है।

-‘एनिमल’ से मिली प्रेरणा, औरंगजेब में ढल गया सन्नाटा

बॉबी देओल ने फिल्म एनिमल में बिना बोले जो असर छोड़ा, उसने निर्देशक ज्योति कृष्णा को चौंका दिया। यही वह पल था जब उन्होंने तय किया कि उनके औरंगजेब को संवादों की ज़रूरत नहीं—बल्कि सिर्फ एक तीखी निगाह, एक ठहराव, और आंतरिक ज्वालामुखी चाहिए।

ज्योति कृष्णा ने बताया, “एनिमल में बॉबी का प्रदर्शन मंत्रमुग्ध करने वाला था। उन्होंने बिना शब्दों के इतना कुछ कह दिया कि मुझे लगा, यही मेरा औरंगजेब है। हमने स्क्रिप्ट को दोबारा लिखा ताकि बॉबी की गहराई, उनकी मौन शक्ति और आंतरिक उबाल को पर्दे पर सही मायनों में उतारा जा सके।”

-बॉबी देओल का अब तक का सबसे ‘डार्क’ किरदार

इस फिल्म में बॉबी देओल सिर्फ एक बादशाह नहीं, बल्कि एक जटिल मनोविज्ञान और राजनीति की परतों में छिपा शासक बनकर सामने आएंगे। उनका यह किरदार गूंगा नहीं, बल्कि एक “सुनामी से पहले की शांति” है।

निर्देशक के शब्दों में, “बॉबी में वह गहराई है जो कम ही अभिनेताओं में होती है। वह हर फ्रेम में अपनी उपस्थिति छोड़ते हैं, उनके सीन खत्म हो जाने के बाद भी उनकी छवि स्क्रीन पर बनी रहती है। इस फिल्म में वह पहले से ज़्यादा उग्र, आकर्षक और खतरनाक हैं।”

एक भव्य सिनेमाई अनुभव की तैयारी

हरि हरा वीरा मल्लू न सिर्फ एक ऐतिहासिक महागाथा है, बल्कि यह भारतीय सिनेमा के स्तर को एक नई ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश है। ऑस्कर विजेता संगीतकार एम.एम. कीरवानी के साउंडट्रैक, नीता लुल्ला की शानदार कॉस्ट्यूम डिज़ाइन, और ए.एम. रत्नम व ए. दयाकर राव के विशाल प्रोडक्शन विज़न के साथ यह फिल्म एक वृहद स्तर पर तैयार की गई है।

यह फिल्म केवल तलवारों और सिंहासनों की कहानी नहीं, बल्कि उस समय के सत्ता संघर्ष, विश्वासघात और नायक-खलनायक के बीच की महीन रेखा को दर्शाती है।

टिकट बुक कर लीजिए क्योंकि इतिहास एक बार फिर सिनेमा में जी उठेगा!

24 जुलाई को हरि हरा वीरा मल्लू का पर्दा उठेगा और दर्शक देखेंगे एक ऐसा टकराव, जहां वीरता पवन कल्याण के रूप में सामने होगी और सत्ता की निर्दयी चालें बॉबी देओल की आंखों में चमकेंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें