Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

नाराजगी के बीच मंडी में मची तबाही का जायजा लेने पहुंचीं सांसद कंगना रनौत, राज्य सरकार पर जमकर बोला हमला

July 6, 2025

नाराजगी के बीच मंडी में मची तबाही का जायजा लेने पहुंचीं सांसद कंगना रनौत,  राज्य सरकार पर जमकर बोला हमला

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में आसमानी आफत लगातार बरस रही है। जिससे कई लोगों की मौत व कई घर बादल फटने से बह गये हैं। इसी तबाही का जायजा लेने मंडी से भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत जायजा लेने थुनांग गांव पहुंची। इस मौके उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर शोक जताया और कहा कि इस मुश्किल समय में वे उनके साथ खड़ी हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, “जो लोग अपने परिवारों को खो चुके हैं, हम उनका दुख समझ सकते हैं। हम उनके लिए जितना हो सकेगा, करेंगे।” कंगना रनौत ने पीड़ितों से मिलकर संवेदना जताई, केंद्र सरकार की ओर से हो रही मदद की जानकारी दी और राज्य सरकार को उसकी ज़िम्मेदारियों की याद दिलाई। उन्होंने यह भी आशा जताई कि पीड़ितों को जल्द राहत और पुनर्वास मिलेगा।

बादल फटने से मची तबाही

मंडी जिले के सिराज घाटी में बादल फटने की घटना हुई है। इस हादसे में सबसे ज़्यादा नुकसान थुनांग गांव में हुआ है, जहां 10 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग अभी भी लापता हैं।कई इलाकों में न बिजली है न पानी। फोन भी ठप हैं। जानमाल के भारी नुकसान के बीच कई जगह खाने का संकट हो गया है। आपदा प्रभावित सराज की करीब 38 पंचायतें अलग-थलग पड़ गई हैं।

 

राज्य सरकार पर उठाए सवाल

कंगना ने कांग्रेस की राज्य सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अब तक सभी मदद केंद्र सरकार की तरफ से आई है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार की जिम्मेदारियां होती हैं, लेकिन लगता है कि वे सारी उम्मीद मुझसे कर रहे हैं। मैं एक सांसद हूं, मेरा काम संसद में कानून बनाना है, सड़कों की मरम्मत करना राज्य सरकार का काम है।” कंगना ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “जो काम राज्य सरकार ने किया है (या नहीं किया है), उसे देखकर मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस अगले 20 सालों तक यहां फिर से सत्ता में आ पाएगी।”

केंद्र सरकार लोगों की मदद करने के लिये प्रतिबध है

कंगना ने बताया कि केंद्र सरकार ने राहत के लिए सेना भेजी है, राशन भेजा है और अन्य जरूरी सहायता भी दी है। उन्होंने कहा, “मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं केंद्र सरकार को मंडी की स्थिति की जानकारी दूं और राहत फंड की मांग करूं। पिछली बार भी हमने फंड दिलवाया था, जो राज्य सरकार के पास गया था। इस बार मैं चाहती हूं कि राहत सीधे पीड़ित लोगों तक पहुंचे।”

नुकसान की पूरी रिपोर्ट केंद्र सरकार को दूंगी…

कंगना ने कहा कि वह नुकसान की पूरी रिपोर्ट केंद्र सरकार को देंगी ताकि ज्यादा से ज्यादा मदद मिल सके। उन्होंने बताया कि मंडी में सड़कों को बहुत नुकसान हुआ है और इसे ठीक करना राज्य सरकार का काम है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने लाहौल स्पीति के लिए 200 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स दिलवाए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें