Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने मलेशियाई प्रधानमंत्री से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

July 7, 2025

PM Modi ने मलेशियाई प्रधानमंत्री से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

PM Modi met Anwar Ibrahim : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया संबंधों की प्रगति की समीक्षा की और निवेश तथा व्यापार संबंधों को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘ब्राजील में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से शानदार मुलाकात हुई। मलेशिया भारत के लिए महत्वपूर्ण है, हमारे विजन ओशन और एक्ट ईस्ट पॉलिसी में इसका महत्वपूर्ण स्थान है।’

मजबूती से बढ़ रहे द्विपक्षीय संबंध-
उन्होंने आगे लिखा, ‘हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की, जिसमें पिछले साल प्रधानमंत्री इब्राहिम की भारत यात्रा के बाद हुई प्रगति भी शामिल है। आईटी, नवीकरणीय ऊर्जा और बुनियादी ढांचा जैसे भविष्य के क्षेत्र ऐसे क्षेत्र हैं जहां द्विपक्षीय संबंध मजबूती से बढ़ रहे हैं। हमारे देशों के बीच निवेश और व्यापार संबंधों को कैसे बेहतर बनाया जाए, इस पर भी चर्चा हुई।

अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता-
इससे पहले मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने एक बयान में कहा कि ‘ब्रिक्स समूह, जो एक मजबूत और सैद्धांतिक ताकत के रूप में उभरा है, एक अधिक संतुलित और न्यायपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को आकार देने का अवसर प्रदान करता है।’ उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने और विकासशील देशों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखने के लिए पुरानी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है।

पुरानी संरचनाओं में न फंसें वैश्विक संस्थाएं-
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं संयुक्त राष्ट्र, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक और विश्व व्यापार संगठन जैसी वैश्विक संस्थाओं में बड़े बदलावों का आह्वान करता हूं, ताकि वे वर्तमान वास्तविकताओं और विकासशील देशों की जरूरतों को बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित कर सकें और द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के युग की पुरानी संरचनाओं में न फंसें।’

रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना-
ब्राजील द्वारा आयोजित 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले अनवर ने कहा कि समूह को सदस्य देशों और दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ जैसे अन्य क्षेत्रीय समूहों के साथ अपने आर्थिक सहयोग को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स और आसियान सदस्यों को विकासशील देशों के पारस्परिक लाभ के लिए क्षेत्रीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने सहित रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना चाहिए। भारत ने 1957 में मलाया संघ के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किये।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें