
मुंबई: भारतीय सिनेमा के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर अपने काम और सोच से फिल्म इंडस्ट्री में मिसाल कायम कर रहे हैं। उनकी हालिया रिलीज़ ‘सितारे ज़मीन पर’, जो 2007 की आइकॉनिक फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ की स्पिरिचुअल सीक्वल मानी जा रही है, ने न सिर्फ दर्शकों के दिल जीते, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है।
इस फिल्म की सफलता और आमिर खान के थिएटर प्रेम को सम्मानित करते हुए PVR INOX ने एक खास कार्यक्रम आयोजित किया। इस इवेंट में देशभर के सिनेमाघरों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया और आमिर को थिएटर के प्रति उनके समर्पण के लिए धन्यवाद दिया।
PVR INOX के CEO कमल जियानचंदानी ने आमिर खान की तारीफ करते हुए कहा,
“आमिर सर ने एक बार फिर दिखा दिया कि वो क्यों इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद और दूरदर्शी फिल्ममेकर हैं। ‘सितारे ज़मीन पर’ न सिर्फ एक भावनात्मक अनुभव है, बल्कि यह थिएटर कल्चर को फिर से जिंदा करने वाली फिल्म भी है। उनका ओटीटी से दूरी बनाकर सिर्फ सिनेमाघरों में रिलीज़ करने का निर्णय लाखों थिएटर कर्मियों के लिए आशा की किरण बना।”
‘सितारे ज़मीन पर’ न केवल कंटेंट के लिहाज से दमदार फिल्म है, बल्कि इसका निर्माण भी बड़े स्केल पर हुआ है। फिल्म में आमिर खान और जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। साथ ही आमिर खान प्रोडक्शंस ने दस युवा कलाकारों – अरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहानी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर – को लॉन्च कर भविष्य के सितारों की नई फौज पेश की है।
फिल्म का निर्देशन किया है आर. एस. प्रसन्ना ने, जो ‘शुभ मंगल सावधान’ जैसी हिट फिल्म के लिए जाने जाते हैं। इस बार उन्होंने आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ मिलकर एक और यादगार अनुभव रचा है। फिल्म की पटकथा दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, और संगीत की कमान शंकर-एहसान-लॉय ने संभाली है, जबकि गीत अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं।
20 जून 2025 को रिलीज हुई ‘सितारे ज़मीन पर’ आज हर वर्ग के दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म की संवेदनशील कहानी, शानदार अभिनय और सामाजिक संदेश इसे साल की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में शुमार कर रहे हैं। आमिर खान का सिनेमाघरों में विश्वास और कंटेंट के प्रति उनकी निष्ठा फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक प्रेरणा है। इस सम्मान समारोह ने यह साबित कर दिया कि जब एक कलाकार दिल से काम करता है, तो पूरा उद्योग उसका साथ देता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...