Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Wimbledon 2025: सिनियाकोवा और वरबीक की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स खिताब किया अपने नाम, सीधे सेटों में दी स्टेफनी-सैलिसबरी को मात

July 11, 2025

Wimbledon 2025: सिनियाकोवा और वरबीक की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स खिताब किया अपने नाम, सीधे सेटों में दी स्टेफनी-सैलिसबरी को मात

Wimbledon 2025 : विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट 2025 के मिक्स्ड डबल्स फाइनल में चेक गणराज्य की अनुभवी खिलाड़ी कैटरीना सिनियाकोवा और उनके डच जोड़ीदार सेम वरबीक ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया। इस जोड़ी ने लुइसा स्टेफनी और जो सैलिसबरी की मजबूत जोड़ी को सीधे सेटों में 7-6 (7-3), 7-6 (7-3) से हराकर विंबलडन मिक्स्ड डबल्स चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

रोमांच से भरपूर रहा फाइनल मुकाबला

सेंटर कोर्ट पर खेले गए इस मुकाबले में दोनों सेट बेहद रोमांचक रहे। मैच में किसी भी जोड़ी ने आसानी से हार नहीं मानी और दोनों सेट टाईब्रेक तक पहुंचे। लेकिन हर बार दबाव में सिनियाकोवा और वरबीक की जोड़ी ने बेहतर खेल दिखाया। मैच का निर्णायक क्षण तब आया जब सिनियाकोवा ने पहले ही मैच प्वाइंट पर शानदार फोरहैंड विनर लगाते हुए मुकाबले का अंत किया।

वरबीक के करियर का पहला ग्रैंड स्लैम

जहां कैटरीना सिनियाकोवा के लिए यह एक और बड़ी उपलब्धि रही, वहीं सेम वरबीक के लिए यह उनके करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब था। जीत के बाद वरबीक ने सेंटर कोर्ट पर भावुक अंदाज़ में अपने पिता के लिए जन्मदिन का गाना गाकर जीत का जश्न मनाया। इस क्षण को देख दर्शकों ने तालियों की गूंज से माहौल को भावनात्मक और यादगार बना दिया।

कैटरीना सिनियाकोवा का डबल्स में दबदबा

कैटरीना सिनियाकोवा अब तक अपने करियर में 10 ग्रैंड स्लैम वूमेन्स डबल्स खिताब जीत चुकी हैं। इनमें से 7 खिताब उन्होंने बारबोरा क्रेजिकोवा के साथ 2 खिताब अमेरिकी खिलाड़ी टेलर टाउनसेंड के साथ और 1 खिताब कोको गॉफ के साथ जीता था। वहीं इसके अलावा वह दो बार की ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं। 2021 टोक्यो ओलंपिक में बारबोरा के साथ वूमेन्स डबल्स में गोल्ड और 2024 पेरिस ओलंपिक में टॉमस मचाक के साथ मिक्स्ड डबल्स में गोल्ड जीत चुकी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें