Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Rekha Gupta ने शालीमार बाग में विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन, कहा- सरकार विकास कार्यों के लिये प्रतिबद्ध

July 12, 2025

CM Rekha Gupta ने शालीमार बाग में विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन, कहा- सरकार विकास कार्यों के लिये प्रतिबद्ध

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा के सी और डी ब्लॉक में चल रहे विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और विकास परियोजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि सी और डी ब्लॉक के लोगों ने हमेशा उनका साथ दिया है और अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे इलाके के विकास के लिए काम करके अपनी प्रतिबद्धता दिखाएं।

उन्होंने कहा कि सी और डी ब्लॉक में 23.5 लाख रुपए की लागत से बाउंड्री वॉल बनाने का काम शुरू हो गया है। 73 लाख रुपए खर्च कर नालियां बनाने का काम भी चल रहा है। इलाके में रोशनी बेहतर करने के लिए 3 हाई मास्ट लाइट और 31 पोल लाइट लगाई गई हैं, जिन पर 12.27 लाख रुपए खर्च हुए हैं। सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) की मरम्मत पर 9 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं और इसे अब बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है।

 

पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए प्ले-स्टेशन भी बनेगा
सीएम ने कहा कि आयुर्वेदिक अस्पताल के पास खाली जमीन पर एक नया आधुनिक कम्युनिटी हॉल बनाने का प्रस्ताव पास हो चुका है। इलाके के 10 पार्कों को नया रूप देने के लिए 1.5 करोड़ रुपए की लागत से काम शुरू कर दिया गया है, इनमें एक पार्क में बच्चों के खेलने के लिए प्ले-स्टेशन भी बनेगा। वहीं, पानी की समस्या को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने डीडीए और जल बोर्ड को कहा है कि वे पुरानी पाइपलाइनों की जांच करें ताकि पानी की गुणवत्ता और सप्लाई बेहतर हो सके।

एलिवेटेड रोड के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी
सड़कों का निर्माण शुरू होने से पहले पानी की समस्या का समाधान प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 हजार करोड़ रुपए की लागत से एक एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा। इसके अलावा, दिल्ली का मास्टर प्लान जल्द ही जनता के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने 25-27 साल पुराने बैंक लॉक को समाप्त करने के प्रयासों का भी जिक्र किया।

सीएम ने कहा- जब मैं पहली बार निगम पार्षद बनी तब से इस क्षेत्र के लिये लगातार काम किया
रेखा गुप्ता ने कहा कि सी और डी ब्लॉक से मेरा नाता 2007 से है, जब मैं पहली बार निगम पार्षद बनी थी। तब से मैंने इस क्षेत्र के लिए लगातार काम किया है। पहले सामुदायिक भवन का निर्माण हो या अब नए प्रोजेक्ट्स, मेरा लक्ष्य है कि क्षेत्रवासियों को हर सुविधा मिले। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार रोज नई नीतियां बना रही है ताकि दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें