
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे और इस दौरान दुर्गापुर में भारतीय जनता पार्टी (भजपा) की ओर से आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वह राज्य के लिए पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे। पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में मोदी के इस दौरे को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है क्योंकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की 21 जुलाई को यहां शहीद दिवस रैली करेंगी।
राज्य में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री बिहार से दुर्गापुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वह विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह पार्टी द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे।’’ इस महीने की शुरुआत में भाजपा की राज्य इकाई का नया अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य को नियुक्त किये जाने के बाद प्रधानमंत्री का यह पश्चिम बंगाल का पहला दौरा होगा।
राजनीतिक विषेकों के मुताबिक विधानसभा चुनाव से पहले यह तृणमूल कांग्रेस की आखिरी शहीद दिवस रैली होगी, इसलिए बनर्जी इस मंच का इस्तेमाल अपनी मुख्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी भाजपा को एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश देने के लिए कर सकती हैं। उम्मीद है कि वह मतदाताओं को लुभाने के लिए नई योजनाओं की भी घोषणा करेंगी। ममता ने बुधवार को कई भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला भाषी लोगों के कथित उत्पीड़न और अत्याचार के खिलाफ कोलकाता में विरोध मार्च निकाला था।
प्रधानमंत्री मोदी अपने बंगाल दौरे के दौरान तेल और गैस अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की लगभग 1,950 करोड़ रुपये की नगर गैस वितरण (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर 1,190 करोड़ रुपये की लागत से महत्वाकांक्षी जगदीशपुर-हल्दिया और बोकारो-धामरा पाइपलाइन (पीएम ऊर्जा गंगा) परियोजना के तहत बिछाई गई दुर्गापुर-हल्दिया प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के 132 किलोमीटर लंबे दुर्गापुर-कोलकाता खंड को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
यह खंड पूर्व बर्धमान, हुगली और नदिया जिलों से होकर गुजरता है और प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन के अलावा लाखों घरों को प्राकृतिक गैस की आपूíत की जा सकेगी। मोदी इस अवसर पर स्वच्छ ऊर्जा के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए दामोदर घाटी निगम के अंतर्गत दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र और रघुनाथपुर ताप विद्युत केंद्र में स्थापित फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी) प्रणालियों को राष्ट्र को सर्मिपत करेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...