Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

जींद में चाबरी के सरपंच की गोली मारकर हत्या, उसी की पिस्तौल छीन मारी गोली

July 19, 2025

जींद में चाबरी के सरपंच की गोली मारकर हत्या, उसी की पिस्तौल छीन मारी गोली

जींद: जींद में चाबरी गांव के सरपंच के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेरा। उनके साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद उन्हीं की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर गोली मार दी। फिर रिवॉल्वर वहीं फेंक गए। सिर में गोली लगने की वजह से सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई। उनके 2 बच्चे हैं। मरने से पहले सरपंच ने पुलिस हेल्पलाइन डायल-112 पर कॉल कर मदद मांगी थी। जिसमें उन्होंने पुलिस को कहा था कि कुछ लोग मेरे साथ हाथापाई कर रहे हैं। उन्होंने मेरा लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया है। हालांकि जब तक पुलिस वहां पहुंची तो सरपंच की हत्या हो चुकी थी।

वारदात की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाने की पुलिस वहां पहुंची। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद डेडबॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने बेटे के बयान पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जींद के डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन-चार लड़कों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं हत्या के बाद गांव के लोगों में आक्रोश है। पुलिस के मुताबिक चाबरी गांव के सरपंच रोहताश (46) गुरुवार शाम को बाइक पर अपने किसी काम से जींद शहर आए थे। अपना काम निपटाकर रोहताश रात को साढ़े 12 बजे के करीब अपने घर की तरफ आ रहा था।

पिंडारा और रधाना गांव के बीच कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ छीना-झपटी करते हुए लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और उनको गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बारे में सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। हत्यारों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया। मृतक के पास ही रिवॉल्वर पड़ी मिली है। वहीं मोबाइल जेब में ही था। हालांकि गांव में किसी के साथ उनकी रंजिश थी या नहीं, इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। रोहताश मूल रूप से सोनीपत के शामड़ी गांव के रहने वाला था, लेकिन 30 साल से वह चाबरी गांव में रह रहे थे। यहां पर गांव में डॉक्टरी की प्रैक्टिस करते थे।

यहीं के उन्होंने अपने सारे कागजात बनाए हैं। गांव में सरपंची के साथ-साथ लोगों को दवाई वगैरह भी देता था। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि रात को साढ़े 12 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को जींद के सिविल अस्पताल पहुंचाया। सरपंच रोहताश के माथे पर गोली लगी है। मृतक के बेटे सुमित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेन-देन और रंजिश के एंगल से जांच कर रही है। अभी कुछ पता नहीं चल पाया है।

ये भी पढ़ें :- वैश्विक दबाव के बीच बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी सपाट 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें