Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मैच जीतते ही इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को छोड़ा पीछे

July 20, 2025

मैच जीतते ही इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को छोड़ा पीछे

Ind vs Eng women’s cricket : इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ दूसरा वनडे डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 8 विकेट से जीत लिया। इसके साथ ही इंग्लैंड अपने घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा महिला वनडे मैच जीतने वाला देश बन गया है। इंग्लैंड ने अब तक अपने घरेलू मैदान पर 182 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उसने 121 मैचों में जीत हासिल की है। इंग्लैंड से पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम के नाम था, जिसने 146 में से 120 वनडे मैच जीते हैं। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 166 में से 86 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर है। भारत ने घरेलू मैदान पर 131 में से 81 मैच जीते हैं। भारतीय महिला टीम इस सूची में चौथे स्थान पर है।

मंधाना ने पारी को संभाला
लॉर्ड्स में खेले गए इस मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने महज 6 रन पर प्रतीक रावल (3) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद स्मृति मंधाना ने 51 गेंदों में 42 रन बनाकर टीम को संभाला। उनकी पारी में पांच चौके शामिल थे। मंधाना के अलावा दीप्ति शर्मा ने 34 गेंदों में 30 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि हरलीन देओल ने 16 और अरुंधति रेड्डी ने 14 रन टीम के खाते में जोड़े।

इंग्लैंड को मिली शानदार शुरुआत
विरोधी टीम की ओर से सोफी एक्लेस्टोन ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए। इनके अलावा एम एलोर्ट और लिंडसे स्मिथ को दो-दो, जबकि चार्ली डीन को एक विकेट मिला। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारत ने 29 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। इंग्लैंड को शुरुआत में 29 ओवर में 144 रनों का लक्ष्य मिला। एमी जोन्स और टैमी ब्यूमोंट ने मेज़बान टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 10.2 ओवर में 54 रनों की साझेदारी हुई। टैमी ब्यूमोंट 35 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद एमी जोन्स ने कप्तान नैट साइवर-बर्न्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

बराबरी पर सीरीज
19वें ओवर के दौरान बारिश फिर रुक गई और इंग्लैंड का लक्ष्य बदल गया। इंग्लैंड को जीत के लिए 24 ओवर में 115 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे इंग्लैंड ने 21 ओवर में हासिल कर लिया। एमी जोन्स 57 गेंदों पर 46 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कप्तान ब्रंट ने टीम के खाते में 21 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से क्रांति गौर और स्नेह राणा को एक-एक सफलता मिली। भारत और इंग्लैंड की टीमें तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी पर हैं। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 22 जुलाई को चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेला जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें