Cambodia Thailand border dispute : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंबोडिया और थाईलैंड के बीच चल रहे सीमा संघर्ष को तुरंत समाप्त करने की अपील की है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि दोनों देश युद्धविराम की घोषणा नहीं करते, तो अमेरिका उनके साथ व्यापार समझौते पर आगे नहीं बढ़ेगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा किए गए एक पोस्ट में कहा, “मैंने हाल ही में कंबोडिया के प्रधानमंत्री से बात की है और उनसे थाईलैंड के साथ संघर्ष समाप्त करने का आग्रह किया है। अब मैं थाईलैंड के प्रधानमंत्री से भी बात करूंगा ताकि इस हिंसा को रोका जा सके।”
व्यापार पर शांति की शर्त
ट्रंप ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि अमेरिका उन देशों के साथ व्यापार नहीं करेगा जो युद्ध में लिप्त हैं। उन्होंने लिखा, “हम दोनों देशों के साथ व्यापार समझौते की बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अगर कोई देश युद्ध में शामिल है तो अमेरिका उसके साथ व्यापार नहीं करेगा। मैंने यह बात स्पष्ट रूप से दोनों नेताओं को बता दी है।”
भारत-पाकिस्तान विवाद से तुलना
इस पूरे घटनाक्रम की तुलना करते हुए ट्रंप ने कहा कि यह संघर्ष उन्हें भारत और पाकिस्तान के बीच पहले हुए तनाव की याद दिलाता है, जिसे वह सुलझाने का दावा करते है।
शांति वार्ता की प्रगति
ट्रंप ने बताया कि थाईलैंड के प्रधानमंत्री से भी उनकी बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने लिखा, “कंबोडिया की तरह, थाईलैंड भी युद्धविराम चाहता है। बातचीत अच्छी रही है। अब मैं कंबोडिया को थाईलैंड की प्रतिक्रिया से अवगत कराऊंगा। दोनों देशों के साथ संवाद के बाद शांति और युद्धविराम की उम्मीद बन रही है।”
“शांति से ही व्यापार संभव”
एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा, “दोनों पक्ष युद्धविराम चाहते हैं, लेकिन जब तक संघर्ष बंद नहीं होता अमेरिका व्यापार पर चर्चा नहीं करेगा। मैंने कंबोडिया को थाईलैंड की राय बताई है और दोनों देश अब जल्द मुलाकात कर युद्ध समाप्त करने के इच्छुक हैं। अमेरिका उनके साथ व्यापार करना चाहता है, लेकिन शांति ही इसकी पहली शर्त है।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...