नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सोमवार को एक पाकिस्तानी घुसपैठिए की कोशिश को बीएसएफ (BSF) ने नाकाम कर दिया। सीमा पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
हीरानगर सेक्टर में स्थित चंदवान और कोठे सीमा चौकियों के बीच बीएसएफ के जवानों ने शाम करीब 4 बजे संदिग्ध गतिविधि देखी। यह व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर एक समूह के साथ भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। BSF जवानों ने पहले चेतावनी दी, लेकिन घुसपैठिए नहीं रुके, जिसके बाद गोलीबारी की गई। एक व्यक्ति घायल हुआ और उसे तुरंत गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह व्यक्ति एक घुसपैठिया समूह का हिस्सा था। घुसपैठ की कोशिश को सतर्क जवानों ने तुरंत पहचान लिया और समय पर कार्रवाई की। घायल व्यक्ति की पहचान और मंशा की जांच की जा रही है।
हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को करारा जवाब दिया था। इसके बावजूद पाकिस्तान की ओर से सीमा पार घुसपैठ की कोशिशें लगातार जारी हैं। बीएसएफ जवान लगातार सतर्क हैं और ऐसे किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए तैयार हैं।