Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मंड क्षेत्र के हालात और भी ज्यादा हुए गंभीर, सीचेवाल ने 15 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया

August 27, 2025

मंड क्षेत्र के हालात और भी ज्यादा हुए गंभीर, सीचेवाल ने 15 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया

शाहकोट : ब्यास दरिया में पानी का स्तर बढ़ जाने और लगातार हो रही बारिश ने मंड क्षेत्र की स्थिति को और अधिक गंभीर व नाजुक बना दिया है। राज्यसभा सदस्य और पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने मंड क्षेत्र के गाँवों में घर-घर जाकर आज लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया। सुबह 9 बजे से दोपहर बाद 4 बजे तक 15 परिवारों और उनके मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। संत सीचेवाल ने हर घर जाकर पीड़ित परिवारों से अपील की कि ब्यास दरिया में लगातार बढ़ रहे पानी के स्तर को देखते हुए वे सुरक्षित स्थानों पर जाने को प्राथमिकता दें।

बाढ़ में घिरे लोगों के घरों में पानी घुस जाने के बावजूद भी कई परिवार अपने घर छोड़ने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे जबकि उनके घरों की छतों से पानी टपकना शुरू हो गया था। प्रभावित परिवारों ने अपने सामान को तिरपाल से ढक रखा था। जो परिवार बाहर आने को तैयार नहीं हुए, उन्हें पीने का पानी, राशन और पशुओं का चारा ऊपरी साधनों से पहुँचाया गया। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने सुल्तानपुर लोधी की एस.डी.एम. अल्का कालिया को मौके पर निर्देश दिए कि जो परिवार आने के लिए तैयार नहीं हुए हैं, उनके पास जाकर तिरपाल और अन्य जरूरी सामान पहुँचाया जाए।

गौरतलब है कि मंड क्षेत्र में 10 अगस्त को एडवांस बाँध टूट गया था जिसके कारण बाऊपुर कदीम, बाऊपुर जदीद, सांगरां, रामपुर गौरा, मंड भीम कदीम, मंड बुद्धी कदीम और मुहम्मदाबाद आदि गाँवों में पानी भर गया था। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल और उनके सेवादार 11 अगस्त से मोटरबोटों के माध्यम से बाढ़ में घिरे लोगों को सुरक्षित निकालने के कार्य में लगे हुए हैं। अब तक संत सीचेवाल की टीम द्वारा 300 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा चुका है।

ये भी देखें: BJP ਦੀ ਮੋਗਾ ਰੈਲੀ ਤੋਂ ਪਹਿਲਾਂ ਆਪ MLA ਨੇ ਮਾਰਿਆ ਛਾਪਾ, ਦੇਖੋ ਕਿਵੇਂ ਹੋਏ ਵੱਡੇ ਖ਼ੁਲਾਸੇ?

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें