
झज्जर के बेरी-कलनौर मार्ग पर बाकरा मोड़ के पास गुरुवार को कार और ऑटो की भिड़ंत में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे में घायल लोगों को पहले बेरी नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।
घटना के बारे में बताया गया कि जाटौली निवासी विकास अपने परिवार के साथ रोहतक जिले के आंवल गांव में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वापसी के दौरान सभी लोग ऑटो से हेलीमंडी लौट रहे थे। रास्ते में बाकरा मोड़ पर कार और ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में जाटौली निवासी सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक रामनिवास ने पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं महिला बिमला को परिजन पीजीआई से रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
इस हादसे में विकास, राजवंती, पूजा और चार बच्चे घायल हुए। बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज पीजीआई में जारी है।
तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम अलग-अलग अस्पतालों — झज्जर नागरिक अस्पताल, पीजीआईएमएस रोहतक और रेवाड़ी नागरिक अस्पताल — में किया गया।
शहर चौकी प्रभारी सतबीर सिंह ने बताया कि मृतक सोहनलाल के भाई संदीप की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।