Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

भिवानी कोर्ट में गोलीकांड: पेशी पर आए युवकों पर फायरिंग, दोस्त गंभीर घायल

September 5, 2025

भिवानी कोर्ट में गोलीकांड: पेशी पर आए युवकों पर फायरिंग, दोस्त गंभीर घायल

भिवानी। गुरुवार को कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिनोद गांव के दो युवकों पर पेशी के दौरान दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां युवकों को तो नहीं लगीं, लेकिन उनके साथ आए दोस्त लवजीत (निवासी मोखरा) को एक गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल लवजीत को तुरंत ऑटो से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। इस घटना में दादरी से कोर्ट एविडेंस पर आई महिला सब इंस्पेक्टर (एसआई) रेणु को भी छर्रे लगे हैं।

दिन में हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, दिनोद निवासी नरेंद्र और बिजेंद्र 2021 में दर्ज हत्या प्रयास के एक मामले में पेशी पर कोर्ट आए थे। दोपहर करीब 1:15 बजे दोनों अधिवक्ताओं के चैंबर के पास चाय पी रहे थे। इसी दौरान दो युवक पिस्तौल लेकर वहां पहुंचे और उन पर गोलियां दाग दीं। आरोपियों ने करीब चार राउंड फायर किए और हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस और वकीलों में हड़कंप

कोर्ट परिसर में गोलियां चलने से वकीलों और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एफएसएल एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पूरे परिसर में तलाशी अभियान भी चलाया गया।

घायल लवजीत किसान, किसी से नहीं दुश्मनी

अस्पताल पहुंचे मोखरा गांव के सरपंच सतेंद्र मलिक ने बताया कि घायल लवजीत गांव में खेती-बाड़ी करता है और उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। वह सिर्फ अपने दोस्तों के साथ कोर्ट आया था, लेकिन गोलियों की चपेट में आ गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें