Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

India US Relations: डोनाल्ड ट्रंप के सुर बदलने पर आया एस जयशंकर का पहला रिएक्शन, जानें क्या कहा?

September 6, 2025

India US Relations: डोनाल्ड ट्रंप के सुर बदलने पर आया एस जयशंकर का पहला रिएक्शन, जानें क्या कहा?

नेशनल डेस्क। वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को एक ‘ग्रेट प्रधानमंत्री’ और ‘दोस्त’ बताया था। जिसके बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत तौर पर बहुत अच्छे संबंध हैं। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत और सार्वजनिक तौर पर गर्मजोशी भरे शब्दों का आदान-प्रदान होता रहा है। यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक मामलों में तनाव बढ़ा हुआ है।

 

 

…अमेरिका के साथ मजबूत संबंध बनाए रखना चाहते हैं
जयशंकर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के साथ अच्छे और मजबूत रिश्तों को बहुत महत्व देते हैं। उन्होंने कहा: “प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के साथ हमारी साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं। जहां तक राष्ट्रपति ट्रंप की बात है, उनके और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हमेशा से बहुत अच्छे व्यक्तिगत संबंध रहे हैं।”

अमेरिका के साथ बातचीत जारी रहेगी
जयशंकर ने यह भी बताया कि भारत अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखेगा। उन्होंने कहा “हम अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखेंगे और इस समय मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता।” वे किसी विशेष विवाद या हाल की घटनाओं पर टिप्पणी करने से बचते रहे।

ट्रंप ने पीएम मोदी को ‘ग्रेट प्रधानमंत्री’ और दोस्त बताया
वहीं, वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को एक ‘ग्रेट प्रधानमंत्री’ और ‘दोस्त’ बताया। उन्होंने कहा कि भले ही भारत के कुछ हालिया कदमों से वे पूरी तरह सहमत नहीं हैं, फिर भी भारत-अमेरिका के संबंध बहुत खास हैं।

“मैं हमेशा मोदी का दोस्त रहूंगा”
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा “मैं मोदी का हमेशा दोस्त रहूंगा। वह महान हैं। मुझे बस इस समय वह जो कर रहे हैं, वह पसंद नहीं आ रहा है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।”

पीएम मोदी ने ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया दी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा “राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे संबंधों के सकारात्मक मूल्यांकन की मैं तहे दिल से सराहना करता हूं और पूरी तरह से उनका समर्थन करता हूं। भारत और अमेरिका के बीच एक बहुत ही सकारात्मक और दूरदर्शी व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें