
हांगझोऊ (चीन): भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर के खिलाफ 12-0 की शानदार जीत के साथ महिला एशिया कप 2025 के सुपर 4 में अपनी जगह पक्की कर ली। भारतीय महिला टीम के लिए नवनीत ने (14वें, 20वें, 28वें) और मुमताज ने (दूसरे, 32वें, 39वें) मिनट में गोलकर हैट्रिक बनाई तथा नेहा ने (11वें, 38वें) मिनट में दो गोल किए। जबकि लालरेमसियामी ने (13वें), उदिता ने (29वें), शर्मिला ने (45वें) और रुतुजा पिसल ने (53वें) मिनट में गोल किए। भारत के लिए मुमताज दूसरे मिनट में ही गतिरोध तोड़ते हुए गोलकर दमदार शुरुआत की। नेहा ने 11वें मिनट में रिबाऊंड पर शानदार गोलकर बढ़त दोगुना कर दी।
2 मिनट बाद ही, लालरेमसियामी ने नजदीकी रेंज से एक और गोल करके बढ़त को 3-0 कर दिया। पहला क्वार्टर खत्म होने से पहले नवनीत ने 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में सिंगापुर ने प्रतिरोध दिखाया, लेकिन नवनीत ने 20वें मिनट में एक और जबरदस्त गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया। भारत ने लगातार दबाव बनाते हुए लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत ने गोलकीपर को छकाते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और 28वें मिनट में बढ़त को और मज़बूत किया। इसके तुरंत बाद, उदिता ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर संयमित तरीके से गोल करके हाफ टाइम तक भारत को 7-0 की बढ़त दिला दी। अंतिम क्वार्टर में भारत ने दबाव बनाए रखा और रुतुजा पिसल ने 53वें मिनट में एक बेहतरीन डिफ्लेक्शन के साथ स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज करा लिया।
ये भी पढ़ें- अब सिर्फ 1.5 लाख में बन जाएगा सपनों का घर, NTPC लेकर आई नई तकनीक